असम सरकार का कड़ा कदम: ‘जिहादी’ साहित्य और डिजिटल कंटेंट पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध

असम सरकार ने ‘जिहादी’ साहित्य और डिजिटल कंटेंट पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य में कानून और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया। पढ़ें असम
असम सरकार का कड़ा कदम: ‘जिहादी’ साहित्य और डिजिटल कंटेंट पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध

असम सरकार ने आतंकी संगठनों से जुड़े किसी भी तरह के कट्टरपंथी या ‘जिहादी’ साहित्य के प्रकाशन, छपाई, बिक्री, वितरण, प्रदर्शन, रखने और संग्रह करने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

गुवाहाटी: असम सरकार ने राज्य में बढ़ते कट्टरपंथी और जिहादी प्रचार पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने आतंकी संगठनों जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB), अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (ABT), अंसार-अल-इस्लाम/प्रो-AQIS और उनसे जुड़े अन्य प्रतिबंधित समूहों से जुड़े किसी भी ‘जिहादी’ साहित्य और डिजिटल सामग्री के प्रकाशन, बिक्री, वितरण और संग्रह पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

यह प्रतिबंध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 (BNSS) की धारा 98 के तहत लागू किया गया है और इसका मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को कट्टरपंथी और हिंसक प्रचार से सुरक्षित रखना बताया गया है। राज्य के राजनीतिक (ए) विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह रोक सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि पत्रिकाओं, वेबसाइटों, सोशल मीडिया पेज, एन्क्रिप्टेड चैनल और ऑनलाइन ग्रुप जैसी सभी डिजिटल सामग्री पर भी लागू होगी।

अधिसूचना में क्या कहा गया है

असम सरकार की अधिसूचना में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यह कदम आंतरिक सुरक्षा की रक्षा करने और आसानी से प्रभावित होने वाले नौजवानों को चरमपंथी प्रचार से बचाने के लिए उठाया गया है। अधिसूचना के अनुसार:

'जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB), अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (ABT), अंसार-अल-इस्लाम/प्रो-AQIS और इनके जुड़े किसी भी प्रतिबंधित संगठन से संबंधित किसी भी उग्र या जिहादी साहित्य, दस्तावेज़, सामग्री या डिजिटल कंटेंट को जब्त किया जाएगा। ये सामग्री भारत की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा के लिए खतरा हैं।'

सरकार ने यह भी कहा कि यह कदम राज्य में बढ़ते कट्टरपंथी प्रचार और हिंसक जिहादी गतिविधियों को रोकने के लिए बेहद जरूरी है।

प्रतिबंधित साहित्य और डिजिटल कंटेंट में क्या होता है?

असम सरकार का कड़ा कदम: ‘जिहादी’ साहित्य और डिजिटल कंटेंट पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध

अधिसूचना के अनुसार, जिन किताबों, पत्रिकाओं और डिजिटल कंटेंट पर प्रतिबंध लगाया गया है, उनमें आमतौर पर निम्नलिखित सामग्री शामिल होती है:

  • हिंसक जिहाद की तारीफ और वैधता का प्रचार
  • नौजवानों को कट्टर बनाने और उन्हें चरमपंथी विचारधारा में शामिल करने की कोशिश
  • आतंकवादी संगठनों के प्रशिक्षण और ऑपरेशन के लिए निर्देश
  • भारत की संप्रभुता और सुरक्षा के खिलाफ भड़काने वाला प्रचार

सरकार का कहना है कि असम पुलिस की खुफिया रिपोर्टों, साइबर गश्त और हाल की जांचों में यह पता चला है कि ये प्रतिबंधित संगठन राज्य में अभी भी जिहादी साहित्य और डिजिटल प्रचार सामग्री फैला रहे हैं। इससे सार्वजनिक व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द को गंभीर खतरा है। असम सरकार ने आदेश जारी करते हुए असम पुलिस, स्पेशल ब्रांच, क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID), सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और साइबर क्राइम यूनिट को निर्देश दिए हैं कि वे इस आदेश का सख्ती से पालन करवाएं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी असम पुलिस ने JMB, ABT, अंसार-अल-इस्लाम और अन्य कट्टर समूहों के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है। केंद्र सरकार ने इन संगठनों को UAPA, 1967 की धारा 35 के तहत आतंकी संगठन घोषित किया हुआ है।

Leave a comment