असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मंगलवार को सरमा ने दावा किया कि गोगोई 2013 में बिना वीजा के पाकिस्तान के रावलपिंडी गए थे, जो उनके अनुसार यह दर्शाता है कि उन्हें वहाँ राजकीय अतिथि (स्टेट गेस्ट) का दर्जा मिला हुआ था।
गुवाहाटी: असम की राजनीति में एक बार फिर भारत-पाकिस्तान से जुड़े आरोप-प्रत्यारोप ने तूल पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि वह 2013 में बिना उचित वीजा के पाकिस्तान के रावलपिंडी गए थे और वहां “स्टेट गेस्ट (राजकीय अतिथि)” की तरह रहे। वहीं, गौरव गोगोई ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उन्होंने पूरी आधिकारिक अनुमति के साथ तक्षशिला की यात्रा की थी और इसका रिकॉर्ड उनके पासपोर्ट में मौजूद है। असम में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले यह विवाद और तीखा होता जा रहा है, जिससे राज्य की राजनीति में सियासी गर्माहट बढ़ गई है।
हिमंत बिस्वा सरमा का आरोप: ‘बिना वीजा रावलपिंडी गए गोगोई’
![]()
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को बोंगाईगांव में एक कार्यक्रम के दौरान यह दावा किया कि गौरव गोगोई 2013 में पाकिस्तान के रावलपिंडी गए थे, जबकि उनके पास उस शहर का वीजा नहीं था। सरमा के मुताबिक, गोगोई के पास केवल लाहौर, कराची और इस्लामाबाद के लिए वीजा था। सरमा ने कहा,
'गौरव गोगोई ने खुद स्वीकार किया है कि वह रावलपिंडी गए थे। अगर उनके पास वहां जाने का वीजा नहीं था, तो इसका मतलब है कि उन्हें पाकिस्तानी सेना या पुलिस के वाहन में ले जाया गया होगा। यह अपने आप में गंभीर मामला है।'
उन्होंने आगे कहा कि यह तथ्य इस बात का संकेत है कि गोगोई पाकिस्तान में “राजकीय अतिथि” की तरह गए थे। सरमा ने यह भी दावा किया कि गोगोई का यह बयान भविष्य में अदालत में सबूत के रूप में पेश किया जा सकता है।
गौरव गोगोई का पलटवार: ‘पूरी अनुमति के साथ गई थी यात्रा’
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गौरव गोगोई ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह दिसंबर 2013 में अपनी पत्नी के साथ तक्षशिला गए थे और यह यात्रा पूरी तरह से वैध और अधिकृत थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तक्षशिला ऐतिहासिक रूप से रावलपिंडी जिले के पास स्थित है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह बिना अनुमति वहां गए थे।
गोगोई ने कहा, मेरी पाकिस्तान यात्रा पूरी तरह से वैध थी। मेरे पासपोर्ट में इसका पूरा रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे मैंने 2014 में सांसद बनने के बाद केंद्र सरकार को सौंप दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी एलिजाबेथ कूलबर्न 2012 में इस्लामाबाद में कार्यरत थीं और उनकी यात्रा इसी संदर्भ में थी। गोगोई ने मुख्यमंत्री सरमा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह “अपने ही झूठ के जाल में फंस रहे हैं” और राजनीतिक लाभ के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।











