Columbus

भारत प्रत्यर्पण के बाद किस जेल में रहेगा भगोड़ा हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी? जानिए सुरक्षा का पूरा विवरण

भारत प्रत्यर्पण के बाद किस जेल में रहेगा भगोड़ा हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी? जानिए सुरक्षा का पूरा विवरण

विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और सीबीआई को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है। बेल्जियम के एंटवर्प कोर्ट ने भारत के मोस्ट वांटेड भगोड़े और हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पण की मंजूरी दे दी।

मुंबई: भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बेल्जियम की अदालत ने भारत के प्रत्यर्पण अनुरोध को मंजूरी दे दी है। प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चोकसी को मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में रखा जाएगा। यह भारत के लिए विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और सीबीआई के लिए एक बड़ी सफलता है।

बेल्जियम की एंटवर्प कोर्ट ने चोकसी की प्रत्यर्पण के खिलाफ अपील को खारिज करते हुए भारत के अनुरोध को सही और उचित ठहराया। इस फैसले के साथ ही चोकसी के प्रत्यर्पण का पहला कानूनी कदम सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।

एंटवर्प कोर्ट का फैसला और सीबीआई की प्रतिक्रिया

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, हम उम्मीद कर रहे थे कि फैसला हमारे पक्ष में आएगा। एंटवर्प कोर्ट ने भारत के अनुरोध पर बेल्जियम अधिकारियों द्वारा चोकसी की गिरफ्तारी को वैध माना। सूत्रों ने बताया कि बेल्जियम के अभियोजकों को भारत के विदेश मंत्रालय और सीबीआई ने चोकसी के खिलाफ मजबूत तर्क प्रस्तुत करने में मदद की। इसमें यह भी बताया गया कि चोकसी ने अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ मिलकर कथित रूप से पंजाब नेशनल बैंक में 13 हजार करोड़ रुपए का घोटाला किया था।

बेल्जियम कोर्ट ने चोकसी की गिरफ्तारी को वैध माना और उनके जमानत के विभिन्न आवेदन भी खारिज कर दिए। हालांकि, चोकसी अब भी बेल्जियम की सुपीरियर कोर्ट में इस फैसले के खिलाफ अपील कर सकते हैं। सीबीआई अधिकारियों ने कहा कि अपील की प्रक्रिया पर लीगल ओपिनियन लिया जाएगा, लेकिन उनका मानना है कि एक से दो महीने में चोकसी भारत लाया जा सकता है। प्रत्यर्पण के लिए एक टीम बेल्जियम जाएगी।

11 अप्रैल को हुई थी चोकसी की गिरफ्तारी

चोकसी (66) को 11 अप्रैल 2025 को बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी सीबीआई द्वारा भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध पर हुई। बेल्जियम की विभिन्न अदालतों ने चोकसी के जमानत आवेदन को खारिज कर दिया था। सुनवाई के दौरान बेल्जियम के अभियोजकों और चोकसी के वकीलों को सुनने के बाद कोर्ट ने यह फैसला किया कि चोकसी की गिरफ्तारी पूरी तरह वैध थी।

भारत ने बेल्जियम के अधिकारियों को यह आश्वासन दिया है कि यदि चोकसी का प्रत्यर्पण हो जाता है, तो उन्हें मुंबई की ऑर्थर रोड जेल की बैरक नंबर-12 में रखा जाएगा। सूत्रों के अनुसार, वहां उन्हें पूर्ण सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रखा जाएगा। जेल प्रशासन ने यह भी कहा कि उन्हें अकेला नहीं रखा जाएगा, बल्कि अन्य कैदियों और स्टाफ की सुरक्षा व्यवस्था के साथ रखा जाएगा।

 

Leave a comment