भारतीय नौसेना को दुनिया की सबसे शक्तिशाली नौसेनाओं में से एक माना जाता है, जिसके पास पनडुब्बियों, युद्धपोतों, फ्रीगेट, एयरक्राफ्ट कैरियर के साथ-साथ घातक ड्रोन और लड़ाकू विमानों का मजबूत बेड़ा मौजूद है।
नई दिल्ली: भारतीय नौसेना अपनी समुद्री ताकत में और इजाफा करने जा रही है। जानकारी के अनुसार, नौसेना को 6 और P-8I पोसाइडन विमान मिलने की संभावना है। इन नए विमानों के आने के बाद भारतीय नौसेना के पास इस अत्याधुनिक सर्विलांस एयरक्राफ्ट की संख्या बढ़कर 18 हो जाएगी। वर्तमान में नौसेना के पास पहले से ही 12 P-8I विमान मौजूद हैं, जो इसे समुद्री निगरानी और पनडुब्बी रोधी युद्ध में एक मजबूत स्थिति प्रदान करते हैं।
इस डील की अनुमानित कीमत 27,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, यह सौदा अभी कैबिनेट कमेटी फॉर सिक्योरिटी (CCS) की मंजूरी का इंतजार कर रहा है। पिछले दिनों, भारतीय नौसेना के चीफ अमेरिका दौरे पर गए थे और वहां इस विमान की खरीद को लेकर गंभीर वार्ता हुई। इसी दौरान यह भी चर्चा हुई कि आने वाले समय में MQ-9 Reaper जैसे हाईटेक ड्रोन भी भारत में शामिल किए जा सकते हैं, जो नौसेना की निगरानी और गश्ती क्षमताओं को और बढ़ाएंगे।
P-8I पोसाइडन विमान की खासियत
P-8I विमान का निर्माण अमेरिका की Boeing कंपनी द्वारा किया जाता है। यह लंबी दूरी तक उड़ान भरने वाला, मल्टी-मिशन, समुद्री गश्ती और पनडुब्बी रोधी (ASW) विमान है। इसे विशेष रूप से समुद्र में दुश्मन पनडुब्बियों और सतही जहाजों को ढूंढने और नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है। विमान में आधुनिक सर्फेस सर्च राडार, इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस सिस्टम, और विभिन्न हथियार तंत्र लगे हुए हैं।
यह विमान दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने, समुद्री क्षेत्रों में पनडुब्बियों का पता लगाने और सतही जहाजों पर हमला करने में सक्षम है। P-8I भारतीय नौसेना को समुद्र में अपनी ताकत बढ़ाने और रणनीतिक समुद्री मार्गों की निगरानी करने में मदद करता है।
![]()
P-8I पोसाइडन के तकनीकी विवरण
- लंबाई: 129.6 फीट (39.5 मीटर)
- पंखों की चौड़ाई: 123.6 फीट (37.6 मीटर)
- ऊंचाई: 42.1 फीट (12.8 मीटर)
- सर्विस सीलिंग: 41,000 फीट (12,496 मीटर)
- अधिकतम गति: 564 मील प्रति घंटे (850 किमी/घंटा)
- अधिकतम टेकऑफ वजन: 189,200 पाउंड (85,820 किग्रा)
- हथियार प्रणाली: 129 A-size sonobuoys, Harpoon मिसाइलें, MK-54 torpedoes, survival kits
P-8I विमानों की यह नई खेप भारतीय नौसेना के इंडियन ओशन रीजन (IOR) में निगरानी और सुरक्षा क्षमताओं को और मजबूत करेगी। इन विमानों से नौसेना को समुद्र में सामरिक खुफिया (ISR), सतही और पनडुब्बी रोधी युद्ध (ASuW/ASW), और खोज एवं बचाव (SAR) संचालन में काफी मदद मिलेगी। भारतीय नौसेना दुनिया की सबसे मजबूत और आधुनिक नौसेनाओं में से एक मानी जाती है।
इसके पास केवल विमानों तक ही सीमित नहीं बल्कि बड़ी संख्या में पनडुब्बियां, युद्धपोत, फ्रीगेट, एयरक्राफ्ट कैरियर और ड्रोन जैसी अत्याधुनिक तकनीक मौजूद है। P-8I विमानों की नई खेप के साथ नौसेना अपनी समुद्री शक्ति और रणनीतिक पहुंच को और व्यापक बनाएगी।










