भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में बंद, सेंसेक्स 335 अंक और निफ्टी 120 अंक बढ़ा

भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में बंद, सेंसेक्स 335 अंक और निफ्टी 120 अंक बढ़ा

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को उतार-चढ़ाव के बाद बढ़त में बंद हुआ। सेंसेक्स 335.97 अंक बढ़कर 83,871.32 पर, निफ्टी 120.60 अंक चढ़कर 25,694 पर बंद हुआ। आईटी, ऑटो और मेटल सेक्टर ने अहम योगदान दिया।

Market Closing: भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को उतार-चढ़ाव भरे सेशन के बाद हरे निशान में बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में बाजार लाल निशान में फिसला था, लेकिन दोपहर के दौरान आईटी, ऑटो और मेटल सेक्टर के शेयरों में तेजी के चलते बाजार वापसी करने में सफल रहा। बीएसई का सेंसेक्स 335.97 अंक या 0.40 प्रतिशत बढ़कर 83,871.32 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी-50 120.60 अंक या 0.47 प्रतिशत चढ़कर 25,694 पर बंद हुआ।

घरेलू और वैश्विक संकेतों का असर

जियोजित इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर के अनुसार, बाजार की शुरुआत सुस्त रही और निवेशकों को दिल्ली धमाके की संभावित प्रभाव की चिंता थी। हालांकि, बाद में बाजार ने जोरदार रिकवरी की और दिन के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। अमेरिकी सीनेट ने लंबे शटडाउन को समाप्त करने वाला विधेयक पारित किया, जिससे वैश्विक संकेतों ने बाजार को सहयोग दिया।

सेक्टरल प्रदर्शन

आज की तेजी में आईटी, ऑटो, मेटल और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों ने अहम योगदान दिया। सेंसेक्स में बीईएल, अदाणी पोर्ट्स और एमएंडएम सबसे ज्यादा लाभ में रहे, जबकि बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और टाटा मोटर्स पीवी सबसे ज्यादा गिरावट में रहे। निफ्टी पर इंडिगो, बीईएल और एमएंडएम शीर्ष लाभ में रहे, जबकि बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और ओएनजीसी सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। मिडकैप इंडेक्स 0.50 प्रतिशत बढ़ा, जबकि स्मॉलकैप 0.21 प्रतिशत गिरा। निफ्टी आईटी और ऑटो सेक्टर क्रमशः 1.20 प्रतिशत और 1.07 प्रतिशत बढ़े, वहीं निफ्टी पीएसयू बैंक 0.39 प्रतिशत गिरा।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील की उम्मीद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि वॉशिंगटन और नई दिल्ली नई ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के करीब हैं। उन्होंने कहा कि भारत पर लगे टैरिफ समय आने पर घटाए जा सकते हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि यह समझौता पहले की तुलना में अलग और व्यापक होगा और दोनों देशों के लिए उपयुक्त रहेगा।

वैश्विक बाजार की स्थिति

वैश्विक बाजारों में एशियाई इंडेक्स तेजी में रहे। जापान का निक्की 225 0.56 प्रतिशत ऊपर, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.24 प्रतिशत बढ़ा और हांगकांग का हांगसेंग 0.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। वॉल स्ट्रीट में सोमवार को Nvidia और Palantir जैसी एआई-केंद्रित कंपनियों के शेयरों में उछाल ने निवेशकों का मनोबल बढ़ाया। अमेरिकी सरकारी शटडाउन के खत्म होने की संभावना ने भी बाजार को सहारा दिया। S&P 500 1.54 प्रतिशत, Nasdaq 2.27 प्रतिशत और Dow Jones 0.81 प्रतिशत बढ़कर बंद हुए।

Leave a comment