भीलवाड़ा में साइबर ठगी की साजिश: बुजुर्ग दंपती को 7 दिन डिजिटल अरेस्ट

भीलवाड़ा में साइबर ठगों ने बुजुर्ग दंपती को 7 दिन डिजिटल अरेस्ट में रखा। 36 कॉल कर जेल का डर दिखाया, लेकिन बैंक मैनेजर की सतर्कता से 9 लाख की ठगी टल गई।

भीलवाड़ा में साइबर ठगों ने बुजुर्ग दंपती को डिजिटल अरेस्ट कर 36 कॉल किए और जेल का डर दिखाया। बैंक मैनेजर की सतर्कता से 9 लाख रुपए की ठगी होने से बच गई।

Rajasthan: भीलवाड़ा के सुभाष नगर राम मंदिर क्षेत्र में रहने वाले 80 वर्षीय संपतलाल महात्मा 21 जनवरी को साइबर ठगी का शिकार होते-होते बचे। दोपहर के समय उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को टेलीकॉम विभाग का अधिकारी बताया।

उसने कहा कि संपतलाल के नाम से मुंबई में जारी एक सिम कार्ड का इस्तेमाल अश्लील गतिविधियों में हो रहा है। यह सुनकर बुजुर्ग घबरा गए और उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी मुंबई में कोई सिम नहीं लिया। इसके बावजूद ठग ने डराना जारी रखा।

ईडी बनकर 7 दिन रखा डिजिटल अरेस्ट

बुजुर्ग के इनकार के बाद कॉल को कथित तौर पर मुंबई पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। वीडियो कॉल पर पुलिस का लोगो दिखाया गया, जिससे मामला और गंभीर लगने लगा। इसके बाद ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस और ईडी अधिकारी बताकर संपतलाल पर दबाव बनाना शुरू किया।

भीलवाड़ा में साइबर ठगी की साजिश: बुजुर्ग दंपती को 7 दिन डिजिटल अरेस्ट

ठगों ने कहा कि उनके खिलाफ 17 शिकायतें दर्ज हैं और वे मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंस चुके हैं। लगातार 7 दिनों तक 36 बार कॉल कर उन्हें “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया। इस दौरान बुजुर्ग और उनकी पत्नी निर्मला देवी को घर से बाहर निकलने, किसी से बात करने और बिना अनुमति सोने तक से मना कर दिया गया।

480 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग केस का डर दिखाया

ठगों ने दावा किया कि संपतलाल के आधार कार्ड से जुड़ा एक बैंक खाता 480 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस से जुड़ा है। उन्होंने नरेश गोयल केस का भी हवाला दिया। एक ठग ने खुद को ईडी का केस अधिकारी संदीप यादव बताया और ईडी के जॉइंट डायरेक्टर के नाम से एक आवेदन लिखवाकर व्हाट्सएप पर भिजवाया।

डर और तनाव के चलते बुजुर्ग दंपती पूरी तरह टूट गए। ठगों ने धमकी दी कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो जान से मार दिया जाएगा या उम्रभर जेल में डाल दिया जाएगा।

बैंक मैनेजर की सूझबूझ से बची 9 लाख की ठगी

ठगों के दबाव में संपतलाल राजस्थान ग्रामीण बैंक की सुभाष नगर शाखा पहुंचे और एफडी तुड़वाने की बात कही। बैंक मैनेजर महेंद्र शर्मा को इस पर शक हुआ, क्योंकि बीच अवधि में एफडी तुड़वाने पर नुकसान होता है। अगले दिन बुजुर्ग ने एफडी की राशि ईडी के सरकारी खाते में ट्रांसफर करने की बात कही, लेकिन दिए गए खाते की जानकारी संदिग्ध थी। 

मैनेजर ने दोबारा सवाल किए तो बुजुर्ग चुप रहने का इशारा करने लगे और उनकी पत्नी रोने लगीं। इसके बाद पूरी सच्चाई सामने आई। बैंक मैनेजर ने तुरंत ट्रांजैक्शन रोक दिया और साइबर थाने व लीड बैंक मैनेजर को सूचना दी। समय रहते कार्रवाई होने से 9 लाख रुपए की ठगी होने से बच गई।

Leave a comment