UP के गाजियाबाद में दर्दनाक घटना, तीन नाबालिग बहनों ने की सामूहिक आत्महत्या

गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में ऑनलाइन कोरियन गेम का जिक्र, पुलिस जांच जारी।

गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में ऑनलाइन कोरियन गेम का जिक्र है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भारत सिटी नामक आवासीय सोसायटी में रहने वाली तीन सगी बहनों ने बुधवार तड़के करीब 2 बजे सामूहिक आत्महत्या कर ली। तीनों बहनों ने अपने फ्लैट का कमरा अंदर से बंद किया और स्टूल की मदद से 9वीं मंजिल की बालकनी से नीचे कूद गईं।

घटना की जानकारी सुबह होने पर परिवार और सोसायटी के लोगों को लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक बहनों की पहचान पाखी (12), प्राची (14) और विशिका (16) के रूप में हुई है।

सुसाइड नोट में ऑनलाइन गेम का जिक्र

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। नोट में लिखा था, 'मम्मी-पापा सॉरी, जिस गेम को आप हमसे छुड़वाना चाहते थे, अब आपको पता चलेगा कि हम इस गेम से कितना प्यार करते थे। कोरियन लवर गेम।'

UP के गाजियाबाद में दर्दनाक घटना, तीन नाबालिग बहनों ने की सामूहिक आत्महत्या

पिता के अनुसार, एक अन्य नोट में लिखा गया था, 'पापा, आई एम सॉरी।' परिवार का कहना है कि तीनों बहनें पिछले कुछ समय से एक टास्क-बेस्ड ऑनलाइन ‘कोरियन लव गेम’ खेल रही थीं और उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं थीं। माता-पिता ने कई बार उन्हें समझाने की कोशिश की थी।

कोविड के दौरान लगी गेमिंग की लत

जानकारी के मुताबिक, कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान तीनों बहनों को ऑनलाइन गेम खेलने की आदत लग गई थी। समय के साथ यह आदत लत में बदल गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें पिछले करीब दो साल से स्कूल भी नहीं जा रही थीं।

परिवार वालों के अनुसार, तीनों बहनों के बीच बेहद गहरा लगाव था। वे नहाने, खाने, पढ़ने, खेलने और सोने तक के सभी काम एक साथ करती थीं। हमेशा साथ रहने वाली बहनों ने यह खौफनाक फैसला भी एक साथ ले लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, गेमिंग ऐप और ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच की जा रही है ताकि यह समझा जा सके कि गेम का प्रभाव किस स्तर तक था।

पुलिस जांच जारी

घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सोसायटी में भी मातम का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत और बच्चों की मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर समय रहते निगरानी और संवाद बेहद जरूरी है।

Leave a comment