मुजफ्फरपुर में आयोजित भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सख्त रुख अपनाते हुए मुशहरी अंचल के राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार को मौके पर ही निलंबित कर दिया।
Deputy CM On Spot Action: बिहार में प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर एक सख्त और स्पष्ट संदेश सामने आया है। मुजफ्फरपुर में आयोजित भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मौके पर ही एक राजस्व कर्मचारी को निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई मुशहरी अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार के खिलाफ की गई, जिन पर गंभीर लापरवाही और जानबूझकर मामले को लंबित रखने का आरोप है।
यह घटना न केवल स्थानीय प्रशासन में हलचल का कारण बनी, बल्कि पूरे राज्य में सरकारी कर्मचारियों के लिए एक कड़ा संदेश भी मानी जा रही है कि राजस्व मामलों में ढिलाई और मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिकायत मिलते ही हुआ तत्काल एक्शन
कार्यक्रम के दौरान एक पीड़ित व्यक्ति ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा से सीधे शिकायत की कि उसके भूमि से जुड़े मामले में सभी आवश्यक कागजात सही और पूरे होने के बावजूद महीनों से फाइल लटकाई जा रही है। पीड़ित का आरोप था कि राजस्व कर्मचारी ने जानबूझकर मामले का निष्पादन नहीं किया, जिससे उसे बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने मंच से ही मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी (सीओ) से मामले की जानकारी मांगी। जब अंचलाधिकारी ने इस विषय में अनभिज्ञता जताई, तो उपमुख्यमंत्री ने सीधे संबंधित राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार से पूछताछ की।
![]()
जांच में सामने आई लापरवाही और गलत रिपोर्टिंग
प्रारंभिक पूछताछ और उपलब्ध रिकॉर्ड की समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि सभी दस्तावेज पूरे होने के बावजूद मामला राजस्व कर्मचारी की गलत रिपोर्टिंग और लापरवाही के कारण लंबित रखा गया था। उपमुख्यमंत्री ने इसे प्रशासनिक जिम्मेदारी में गंभीर चूक मानते हुए तुरंत कार्रवाई का फैसला लिया।उन्होंने बिना देरी किए राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार को निलंबित करने का आदेश दे दिया। इस निर्णय की घोषणा मंच से ही की गई, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों में प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संदेश गया।
निलंबन के आदेश के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, राजस्व विभाग सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा हुआ है। जमीन से संबंधित मामलों में थोड़ी सी लापरवाही भी लोगों के जीवन को प्रभावित करती है। इस तरह की मनमानी, लापरवाही और गलत रिपोर्टिंग को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में इस तरह की शिकायतें सामने आती हैं, तो संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











