Bihar Police ने विशेष सहायक पुलिस (SAP) के 15821 पदों पर भर्ती का नोटिस जारी किया है। यह भर्ती पूर्व सैनिकों और CAPF से रिटायर्ड उम्मीदवारों के लिए होगी। रैली भर्ती 1 से 6 जून 2026 तक अलग-अलग मंडलों में आयोजित की जाएगी।
Bihar: Bihar Police ने विशेष सहायक पुलिस (SAP) के रिक्त पदों पर बड़ी भर्ती का एलान किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 15821 पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि भर्ती प्रक्रिया बिना लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट के केवल इंटरव्यू के आधार पर पूरी की जाएगी। भर्ती में पूर्व सैनिक और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से सेवानिवृत्त उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे।
1 जून से शुरू होगी मंडल वाइज रैली भर्ती
बिहार पुलिस विभाग की ओर से इस भर्ती प्रक्रिया की जिम्मेदारी दानापुर कैंट को सौंपी गई है। भर्ती के लिए अलग-अलग प्रमंडलों के अनुसार रैली की तारीखें तय कर दी गई हैं। पूर्णिया, भागलपुर और दरभंगा प्रमंडल के उम्मीदवारों के लिए रैली भर्ती 1 जून 2026 को आयोजित होगी। वहीं कोसी, मुंगेर और सारण प्रमंडल के अभ्यर्थी 2 जून को शामिल होंगे।

तिरहुत प्रमंडल के लिए 3 जून और मगध प्रमंडल के लिए 4 जून की तारीख तय की गई है। इसके अलावा पटना और नालंदा जिले के उम्मीदवार 5 जून को रैली में भाग ले सकेंगे, जबकि भोजपुर, भभुआ, रोहतास और बक्सर जिले के अभ्यर्थियों के लिए 6 जून की तारीख निर्धारित की गई है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो उम्मीदवार निर्धारित तारीखों में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए हर महीने के पहले सप्ताह में अतिरिक्त भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
बिना लिखित परीक्षा होगी भर्ती
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा या शारीरिक दक्षता परीक्षा से नहीं गुजरना होगा। हालांकि चयन के लिए उम्मीदवारों का शारीरिक रूप से फिट होना जरूरी रहेगा।
भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हथियार संचालन की जानकारी होनी चाहिए। साथ ही उम्मीदवार का बिहार का मूल निवासी होना अनिवार्य रखा गया है। इंटरव्यू के दौरान मूल निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
विशेष कौशल वाले उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता
पुलिस विभाग ने बताया है कि कुछ विशेष अनुभव और तकनीकी दक्षता रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। आपदा प्रबंधन, बम डिटेक्शन एवं डिस्पोजल, ड्राइविंग, तैराकी, गोताखोरी और मोटरबोट संचालन का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में वरीयता मिल सकती है।
चयनित उम्मीदवारों को कितना मिलेगा वेतन
पुलिस मुख्यालय के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार मासिक वेतन दिया जाएगा। JCO पद पर नियुक्त उम्मीदवारों को 35 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। वहीं SAP जवान के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को 30 हजार रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। रसोइया पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को 25 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
विभाग के मुताबिक सभी नियुक्तियां एक वर्ष के कॉन्ट्रैक्ट आधार पर की जाएंगी। जरूरत पड़ने पर अनुबंध की अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है।









