बिहार चुनाव की तारीखों के एलान तक अब कुछ ही दिन बचे हैं। चुनाव की तैयारियों की अंतिम समीक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में भारत निर्वाचन आयोग की टीम पटना पहुंच चुकी है। उनके साथ चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और एस. एस. संधू भी शुक्रवार देर रात पटना पहुंचे।
पटना: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की टीम दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंच चुकी है। आयोग के साथ चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और एस.एस. संधू भी शुक्रवार देर रात पटना पहुंचे। इस दौरे का उद्देश्य न केवल चुनाव की तैयारियों का जायजा लेना है, बल्कि राजनीतिक दलों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर अंतिम रणनीति बनाना भी है।
चुनाव आयोग की टीम की इस दौरे में प्रमुख गतिविधियों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बैठक, प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा, और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के साथ समन्वय बैठक शामिल हैं। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है और चुनाव अक्टूबर के अंत या नवंबर में कई चरणों में कराए जाने की संभावना है।
राजनीतिक दलों के साथ बैठक
मुख्य चुनाव आयुक्त आज पटना के एक बड़े होटल में विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रत्येक पार्टी से अधिकतम तीन नेता शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और चुनावी तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर दलों की राय लेना है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार पांडेय के द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार, इस बैठक में निम्नलिखित प्रमुख दल शामिल होंगे:
- भारतीय जनता पार्टी (BJP)
- इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC)
- जनता दल (यूनाइटेड) (JD-U)
- राष्ट्रीय जनता दल (RJD)
- आम आदमी पार्टी (AAP)
- बहुजन समाज पार्टी (BSP)
- नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP)
- राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP)
- लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) (LJP-R)
- राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP)
- कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) (CPI-M)
- कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन (CPI-ML Liberation)
इस बैठक के दौरान चुनाव आयोग मतदाता सूची में सुधार, ईवीएम और वीवीपीएटी व्यवस्था, चुनाव सुरक्षा और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर फीडबैक लेगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक
राजनीतिक दलों से बैठक के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें शामिल होंगे:
- प्रमंडलीय आयुक्त
- सभी जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी
- SSP और SP
रविवार को आयोग की टीम मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इसमें मुख्य सचिव, सचिव और DGP सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इन बैठकों का उद्देश्य चुनाव की सुरक्षा, स्वतंत्रता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है। साथ ही विभिन्न जिलों में मतदान केंद्रों की तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मदद पर चर्चा की जाएगी।