फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपने दो हफ्ते पूरे कर लिए हैं, जबकि रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मर्दानी 3’ को थिएटर में रिलीज हुए सात दिन हो चुके हैं। इसके अलावा जावेद जाफरी की फिल्म ‘मयसभा’ भी सिनेमाघरों में बहुत धीमी रफ्तार से कमाई कर रही है।
Mardaani 3 VS Border 2: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस समय तीन प्रमुख फिल्में—‘बॉर्डर 2’, ‘मर्दानी 3’ और ‘मयसभा’—अलग-अलग स्तर पर प्रदर्शन कर रही हैं। जहां सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ दो हफ्ते बाद भी दम दिखा रही है, वहीं रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ अपने पहले हफ्ते के बाद ही रफ्तार खोती नजर आ रही है। दूसरी ओर, जावेद जाफरी अभिनीत ‘मयसभा’ दर्शकों को आकर्षित करने में संघर्ष कर रही है।
‘मर्दानी 3’: पहले हफ्ते के बाद गिरावट तेज
ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, ‘मर्दानी 3’ ने सातवें दिन (गुरुवार) लगभग 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। एक दिन पहले (छठे दिन) फिल्म ने 2.1 करोड़ रुपये कमाए थे, जो साफ संकेत देता है कि वर्किंग डेज में फिल्म की पकड़ कमजोर पड़ रही है। फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन अब तक लगभग 26.30 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
हालांकि, शुरुआती हफ्ते के बाद कलेक्शन में आई गिरावट चिंता का विषय है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि फिल्म को अब अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए वीकेंड पर बड़ा उछाल दिखाना होगा, वरना यह तेजी से बॉक्स ऑफिस पर ठंडी पड़ सकती है। रानी मुखर्जी की पिछली ‘मर्दानी’ फिल्मों को आलोचकों और दर्शकों से सराहना मिली थी, लेकिन ‘मर्दानी 3’ इस बार उसी गति को बनाए रखने में संघर्ष करती दिख रही है।

‘बॉर्डर 2’: 14वें दिन भी मजबूत पकड़
इसके विपरीत, सनी देओल की देशभक्ति आधारित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने चौदहवें दिन (गुरुवार) करीब 3.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। बुधवार को फिल्म ने 4.15 करोड़ रुपये कमाए थे। दो हफ्तों के बाद भी स्थिर कलेक्शन दर्शाता है कि फिल्म को दर्शकों का निरंतर समर्थन मिल रहा है। अब तक फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन लगभग 294.25 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
हालांकि, आधिकारिक बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक फिल्म अभी 300 करोड़ क्लब में प्रवेश नहीं कर पाई है, जबकि मेकर्स ने कुछ दिन पहले दावा किया था कि फिल्म यह आंकड़ा पार कर चुकी है। इस अंतर को लेकर ट्रेड सर्कल में चर्चा जारी है।
‘मयसभा’: धीमी शुरुआत, बेहद कम कमाई
राही अनिल बर्वे द्वारा निर्देशित और जावेद जाफरी अभिनीत ‘मयसभा’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही बेहद कमजोर शुरुआत की थी और अब इसकी कमाई लाखों में सिमट गई है। गुरुवार (सातवें दिन) फिल्म ने सिर्फ 5 लाख रुपये का कारोबार किया, जबकि छठे दिन यह आंकड़ा 6 लाख रुपये था। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 78 लाख रुपये तक पहुंचा है, जो व्यावसायिक रूप से निराशाजनक माना जा रहा है।
‘तुम्बाड़’ जैसी प्रशंसित फिल्म बनाने वाले राही अनिल बर्वे से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ‘मयसभा’ सिनेमाघरों में वैसी पकड़ नहीं बना पाई। सीमित स्क्रीनिंग, कमजोर प्रचार और धीमी कहानी इसकी कम कमाई के संभावित कारण माने जा रहे हैं।









