‘गदर 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद, सनी देओल बड़े पर्दे पर ‘बॉर्डर 2’ के साथ कम बैक कर रहे हैं। यह फिल्म उनकी 1997 की देशभक्ति और वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर’ की सीक्वल है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड में देशभक्ति और वॉर ड्रामा के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर है। सनी देओल की अगली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म अपनी 1997 की क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ की सीक्वल है और ट्रेलर को देखने के बाद फैंस के रगों में देशभक्ति का जज्बा दौड़ गया है। ट्रेलर का अनावरण 15 जनवरी, 2026 को आर्मी डे के खास मौके पर किया गया, जो फिल्म के सैन्य और देशभक्ति वाले थीम को और मजबूती देता है।
बॉर्डर 2: स्टारकास्ट और कहानी
‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल के अलावा दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फीमेल लीड के तौर पर मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा को कास्ट किया गया है। फिल्म का मुख्य फोकस मेजर सैनिक होशियार सिंह की असली कहानी पर है, जिनका रोल वरुण धवन निभा रहे हैं।
ट्रेलर की शुरुआत सनी देओल के दृढ़ और जोशीले संवाद से होती है। वे कहते हैं: फौजी के लिए बॉर्डर सिर्फ नक्शे पर खींची हुई एक लकीर नहीं है। बल्कि एक वादा है अपने देश से कि जहां वो खड़ा है, उसके आगे कोई नहीं जाएगा। न कोई दुश्मन, न कोई गोली और न ही उसका इरादा। और आज कुछ भी हो जाए, हम यह वादा टूटने नहीं देंगे।
इसके बाद ट्रेलर में वरुण धवन, अहान पांडे और दिलजीत दोसांझ का इंट्रोडक्शन दिखाया गया है। फिल्म का म्यूजिक और साउंडट्रैक भी देशभक्ति और इमोशंस से भरपूर है। ट्रेलर में सनी देओल पूरी तरह छाए हुए हैं, जबकि बाकी स्टार्स ने भी दमदार परफॉर्मेंस दी है।

ट्रेलर का क्लाइमेक्स
ट्रेलर का सबसे चर्चित डायलॉग है, जिसमें सनी देओल कहते हैं: तुम हमें क्या हराओगे, अरे तुम्हारे पाकिस्तान में इतने लोग नहीं जितने हमारे यहां ईद पर बकरे काटे जाते हैं।" यह डायलॉग दर्शकों में जोरदार उत्साह और हौसले की भावना पैदा कर रहा है। सनी देओल ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्रेलर की घोषणा की थी। पोस्ट में उन्होंने लिखा था, इस कहानी से बड़ी कोई और कहानी नहीं, इस जीत से बड़ा कोई और जश्न नहीं। बॉर्डर 2 का ट्रेलर आज रिलीज हो रहा है।
14 जनवरी की रात को सनी देओल ने नौसेना के जवानों के साथ समय बिताया और उनकी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा,
हिंदुस्तान मेरी जान, मेरी आन, मेरी शान, हिंदुस्तान, गर्व, सम्मान और वीरता।
बॉर्डर 2 का टीज़र और संगीत
मेकर्स ने पहले ही 16 दिसंबर, 2025 को विजय दिवस के मौके पर फिल्म का टीज़र जारी किया था, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी थी। अब ट्रेलर के रिलीज होते ही फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। फिल्म से अब तक ‘संदेशे आते हैं’ सहित चार गाने रिलीज हो चुके हैं, जो दर्शकों को उत्साहित कर रहे हैं।
‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी, 2026 को गणतंत्र दिवस के लंबे वीकेंड पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्देशक अनुराग सिंह हैं, जबकि निर्माता हैं भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता। फिल्म का उद्देश्य न केवल पहली फिल्म की लीगेसी को सम्मान देना है, बल्कि नई पीढ़ी के दर्शकों को भी भारत-पाक युद्ध और वीर सैनिकों की गाथा से परिचित कराना है। फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित है और इसमें सैनिकों की वीरता, देशभक्ति और बलिदान को बखूबी दर्शाया गया है।










