Brigade Hotel Ventures IPO खुला, जानिए सब्सक्रिप्शन से लेकर लिस्टिंग की हर डिटेल

Brigade Hotel Ventures का IPO खुल चुका है, GMP 98 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। जानिए प्राइस बैंड, फाइनेंशियल परफॉर्मेंस, लिस्टिंग डेट और ब्रोकरेज की राय।

हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की प्रमुख कंपनी ब्रिगेड होटल वेंचर्स लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) 24 जुलाई 2025 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। कंपनी ने इस इश्यू के जरिए कुल 759.60 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। यह पूरा इश्यू फ्रेश शेयर के रूप में पेश किया गया है, जिसमें कुल 8.44 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इश्यू 28 जुलाई को बंद होगा और इसके बाद 31 जुलाई को शेयर की संभावित लिस्टिंग तय मानी जा रही है।

क्या है प्राइस बैंड और लॉट साइज

ब्रिगेड होटल वेंचर्स ने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड 85 से 90 रुपये प्रति शेयर तय किया है। निवेशक कम से कम एक लॉट यानी 166 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं। इसका मतलब है कि रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,940 रुपये का निवेश करना होगा। कोई भी रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट यानी 2,158 शेयरों के लिए आवेदन कर सकता है, जिसकी वैल्यू 1.94 लाख रुपये तक होगी।

एंकर निवेशकों से पहले ही मिला भरोसा

Brigade Hotel Ventures IPO खुला, जानिए सब्सक्रिप्शन से लेकर लिस्टिंग की हर डिटेल

आईपीओ खुलने से एक दिन पहले, 23 जुलाई को कंपनी ने एंकर निवेशकों से 324.72 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। इस एंकर बुक में देश के प्रमुख म्यूचुअल फंड हाउस जैसे एसबीआई एमएफ, एक्सिस एमएफ, मोतीलाल ओसवाल एमएफ, बंधन एमएफ, एडलवाइस एमएफ, नुवामा एमएफ और 360 वन एमएफ शामिल रहे। इससे बाजार में कंपनी को लेकर सकारात्मक संकेत मिले।

ग्रेस मार्केट में दिखा शानदार रिस्पॉन्स

IPO खुलने से पहले ही ब्रिगेड होटल वेंचर्स के शेयर ग्रे मार्केट में मजबूत प्रदर्शन करते नजर आए। सूत्रों के मुताबिक, ग्रे मार्केट में इसके अनलिस्टेड शेयर 98 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। यह कंपनी के ऊपरी प्राइस बैंड (90 रुपये) से करीब 8.89% ज्यादा है, जो इस बात का संकेत देता है कि निवेशकों के बीच इस इश्यू को लेकर उत्साह है।

शेयर अलॉटमेंट और लिस्टिंग की संभावित तारीखें

आईपीओ सब्सक्रिप्शन की आखिरी तारीख 28 जुलाई है। इसके बाद 29 जुलाई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जा सकता है। जिन निवेशकों को शेयर अलॉट होंगे, उन्हें 30 जुलाई को डीमैट अकाउंट में शेयर ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। वहीं, 31 जुलाई को कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकता है।

कौन-कौन हैं लीड मैनेजर और रजिस्ट्रार

इस पब्लिक इश्यू को जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज लिमिटेड मैनेज कर रहे हैं, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को इस इश्यू का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। इनकी निगरानी में IPO की पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी।

कैसी रही कंपनी की फाइनेंशियल परफॉर्मेंस

ब्रिगेड होटल वेंचर्स लिमिटेड ब्रिगेड एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी है, जो कि रियल एस्टेट क्षेत्र की जानी-मानी कंपनी मानी जाती है। ब्रिगेड होटल वेंचर्स होटल डेवलपमेंट और मैनेजमेंट के क्षेत्र में सक्रिय है और इसके होटल्स मुख्यतः दक्षिण भारत के शहरों में स्थित हैं।

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो, वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को ₹356.41 करोड़ की आय पर ₹3.09 करोड़ का घाटा हुआ था। इसके बाद 2023-24 में कंपनी ने ₹404.85 करोड़ की आय पर ₹31.13 करोड़ का मुनाफा कमाया। ताजा आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 में कंपनी की कुल आय ₹470.68 करोड़ रही, जिसमें नेट प्रॉफिट ₹23.66 करोड़ का रहा।

क्या कहते हैं ब्रोकरेज हाउस

Brigade Hotel Ventures IPO खुला, जानिए सब्सक्रिप्शन से लेकर लिस्टिंग की हर डिटेल

केनरा बैंक सिक्योरिटीज के एनालिस्ट्स ने इस आईपीओ को लॉन्ग टर्म के नजरिए से सब्सक्राइब करने लायक बताया है। उनका मानना है कि कंपनी की होटल प्रॉपर्टीज प्रीमियम लोकेशन पर स्थित हैं और इसकी ग्लोबल होटल ब्रांड्स के साथ रणनीतिक साझेदारी है। इसके अलावा, हाई ऑक्यूपेंसी रेट और ब्रांड वैल्यू इसे प्रतिस्पर्धी बढ़त देती है।

हालांकि, ब्रोकरेज ने यह भी साफ किया कि कंपनी का वैल्यूएशन ऊंचा है और ऐसे में इसमें निवेश उन्हीं निवेशकों को करना चाहिए जो लॉन्ग टर्म नजरिया रखते हैं और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की बारीक समझ रखते हैं।

क्या कहता है कंपनी का वैल्यूएशन और रिटर्न

कंपनी का एवरेज रिटर्न ऑन नेट वर्थ (RoNW) 30.11% है। इसके अलावा, कंपनी का EV/EBITDA रेशियो वित्त वर्ष 2023-24 में 4.56x और 2024-25 में 4.17x रहा। हालांकि, इसका पी/ई रेशियो 125x है, जो इंडस्ट्री एवरेज 92.53x से अधिक है। वहीं, पी/बी रेशियो भी 32.26x है, जबकि इंडस्ट्री एवरेज सिर्फ 4.95x है।

कंपनी की मौजूदगी और विस्तार

ब्रिगेड होटल वेंचर्स के पोर्टफोलियो में प्रमुख ब्रांड्स जैसे हॉलिडे इन, शेराटन ग्रांड, हॉलिडे इन एक्सप्रेस और ग्रैंड मर्क्योर जैसे इंटरनेशनल होटल ब्रांड शामिल हैं। कंपनी की मौजूदगी बेंगलुरु, मैसूर, चेन्नई, कोच्चि और कोयंबटूर जैसे शहरों में है, जहां हॉस्पिटैलिटी डिमांड लगातार बढ़ रही है।

कंपनी का फोकस हाई-ग्रोथ वाले कॉरिडोर्स और टियर-1 शहरों पर है, जिससे इसके विस्तार की संभावनाएं मजबूत दिखती हैं। कंपनी का कहना है कि इस आईपीओ से मिलने वाले फंड का उपयोग कर्ज चुकाने और नई होटल प्रॉपर्टीज के विकास के लिए किया जाएगा।

Leave a comment