सीकर का कुख्यात शराब माफिया अनिल पांड्या दुबई में गिरफ्तार हो गया है। गुजरात एटीएस के इनपुट पर हुई कार्रवाई के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। आरोपी पर कई राज्यों में दर्जनों केस हैं।
Sikar: सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि आरोपी अनिल पांड्या के खिलाफ पहले से लुक आउट नोटिस जारी था। गुजरात एटीएस को उसके दुबई में होने की पुख्ता जानकारी मिली थी, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब आरोपी को भारत प्रत्यर्पित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अनिल पांड्या पर अकेले सीकर जिले में 39 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गुजरात, हरियाणा और अन्य राज्यों में भी उसके खिलाफ शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। वह पिछले करीब 20 वर्षों से अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय था।
चाय की दुकान से अपराध की दुनिया तक
अनिल पांड्या सीकर जिले की फतेहपुर तहसील के गांव खाजी का बास, रूपनगर का रहने वाला है। शुरुआती दिनों में वह एक चाय की दुकान पर काम करता था। बताया जाता है कि उसका स्वभाव सनकी था और जल्द ही उसने मेहनत-मजदूरी छोड़कर अपराध की राह पकड़ ली।
साल 2012 में बिरजू ठेकेदार की हत्या के मामले में पहली बार उसका नाम सामने आया। इस केस में उसकी गिरफ्तारी भी हुई, लेकिन बाद में वह सांचौर जेल से अपने साथियों के साथ फरार हो गया। फरारी के दौरान वह बड़े शराब माफियाओं के संपर्क में आया और धीरे-धीरे अवैध शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया।
गुजरात में शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क
![]()
गुजरात में शराबबंदी होने के बावजूद अनिल पांड्या ने वहां अवैध शराब सप्लाई का मजबूत नेटवर्क बना लिया था। वह हरियाणा से सस्ती शराब मंगवाता और राजस्थान के रास्ते गुजरात पहुंचाता था। वहां यह शराब प्रिंट रेट से दोगुनी कीमत पर बेची जाती थी, जिससे गिरोह को भारी मुनाफा होता था।
साल 2022 के बाद अनिल पांड्या दुबई फरार हो गया था और वहीं बैठकर पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। उसके इस गिरोह में जगदीश प्रसाद और तौफीक नजीर खान जैसे कई कुख्यात नाम शामिल थे। तौफीक के जरिए ही वह अपने नेटवर्क को संचालित करता था। पिछले साल तौफीक को भी दुबई में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस की लगातार कार्रवाई
शराब तस्करी से अनिल पांड्या ने करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की। साल 2022 में उसने अपने गांव में करीब 80 लाख रुपये का आलीशान मकान भी बनवाया था। जानकारी के अनुसार, उसका गिरोह रोजाना करोड़ों रुपये की शराब की तस्करी करता था।
करीब 10 महीने पहले सीकर पुलिस ने उसके गिरोह की लगभग 1 करोड़ रुपये की शराब पकड़ी थी, जिसे सीमेंट रोलर की आड़ में हरियाणा से गुजरात ले जाया जा रहा था। इसके अलावा गुजरात पुलिस भी कई बार उसकी गाड़ियां जब्त कर चुकी है। साल 2023 में एनआईए ने भी उसके घर पर दबिश दी थी और कई अहम दस्तावेज जब्त किए थे।











