खैरथल के दौलतनगर माजरा में कोल्ड ड्रिंक देने में देरी पर दो ग्राहकों में विवाद हो गया। बात बढ़ने पर एक पक्ष ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल अलवर में भर्ती कराया गया है।
Rajasthan: खैरथल थाना क्षेत्र के गांव दौलतनगर माजरा में एक छोटी सी बात ने हिंसक रूप ले लिया। गांव की एक किराना दुकान पर कोल्ड ड्रिंक देने में थोड़ी देरी होने पर दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी कालूराम मेघवाल दुकान पर रोजमर्रा का सामान खरीदने गया था। उसी समय आकाश यादव नामक युवक भी वहां मौजूद था। आकाश ने दुकानदार से कोल्ड ड्रिंक मांगी, लेकिन दुकानदार उस समय ताश खेलने में व्यस्त था। इसी वजह से कोल्ड ड्रिंक देने में कुछ देर हो गई। इसी दौरान कालूराम ने अपना सामान पहले उठा लिया। इस बात से आकाश नाराज हो गया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
परिवार को बुलाकर किया हमला
![]()
बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद मामला शांत नहीं हुआ। आकाश यादव ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया। कुछ ही देर में उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि वे अपने साथ कुल्हाड़ी लेकर आए और कालूराम पर हमला कर दिया। हमले में कालूराम के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोग भी घबरा गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल कालूराम को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल अलवर ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर पर गंभीर चोट लगी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही खैरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा चिंता का विषय है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की है।











