बॉलीवुड अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के लिए साल 2025 करियर के लिहाज से बेहद खास रहा है। ‘खाकी: द बंगाल चैप्टर’, ‘हाउसफुल 5’ और ‘रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स’ जैसी चर्चित परियोजनाओं के बाद अब वह 2026 में बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में नजर आने वाली हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: चित्रांगदा सिंह ने साल 2005 में फिल्म ‘हजारों ख़्वाहिशें ऐसी’ से बॉलीवुड में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। जोधपुर में जन्मीं चित्रांगदा ने शुरू से ही अर्थपूर्ण और दमदार भूमिकाओं को तरजीह दी और इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। ‘ये साली जिंदगी’, ‘इनकार’ और ‘साहब बीवी गैंगस्टर 3’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। हालांकि, उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण दौर वह रहा जब सात साल के लंबे अंतराल के बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में वापसी की।
साल 2025 में चित्रांगदा बैक-टू-बैक ‘खाकी: द बंगाल चैप्टर’, ‘हाउसफुल 5’ और हालिया रिलीज ‘रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स’ को लेकर चर्चा में हैं। इसके अलावा वह नए साल में सलमान खान के साथ फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में नजर आने वाली हैं। बतौर अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह 2026 को उम्मीदों भरे नजरिए से देख रही हैं।
क्वालिटी ओवर क्वांटिटी: जानबूझकर चुना अलग रास्ता
चित्रांगदा सिंह का करियर कभी पारंपरिक नहीं रहा। इस पर वह कहती हैं कि किसी कलाकार की जिंदगी में किस्मत और मौके बड़ी भूमिका निभाते हैं। “कई बार काम आपको चुनता है, आप काम को नहीं। मेकर्स ने मुझमें ग्रे शेड्स वाले किरदारों को निभाने की क्षमता देखी और मुझे उसी तरह के रोल ऑफर हुए,” वह बताती हैं।
उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने जानबूझकर सतही या हल्के-फुल्के किरदारों से दूरी बनाई, क्योंकि वे उनके व्यक्तित्व से मेल नहीं खाते। “हर कलाकार 70 प्रतिशत बदल सकता है, लेकिन 30 प्रतिशत वह खुद ही रहता है,” यही उनकी अभिनय यात्रा का आधार रहा।
20 साल में खुद को समझने का सफर
![]()
2005 में ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ से डेब्यू करने वाली चित्रांगदा मानती हैं कि समय और अनुभव इंसान को ठहराव देते हैं। “बीस साल पहले मैं बहुत मासूम और अनिश्चित थी। आज मैं खुद से खुश हूं। अकेली हूं, लेकिन भीतर कोई बेचैनी नहीं है,” वह कहती हैं। उनके मुताबिक, निजी जीवन के उतार-चढ़ाव ने उन्हें भावनात्मक रूप से ज्यादा मजबूत बनाया और एक अभिनेत्री के तौर पर भी समृद्ध किया।
चित्रांगदा ने फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं पर उम्र को लेकर होने वाले दबाव पर भी खुलकर बात की। उनका मानना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि सदियों पुरानी सोच का नतीजा है। हालांकि, अब बदलाव नजर आने लगा है। आज दर्शक मैच्योर कहानियां और सशक्त महिला किरदार देखना चाहते हैं। इसी वजह से उम्र से परे रोल लिखे जा रहे हैं,” वह कहती हैं। साथ ही वह यह भी मानती हैं कि महिलाओं को अब भी खुद को बार-बार साबित करना पड़ता है, खासकर तब जब वे अभिनय के अलावा प्रोड्यूसर जैसी भूमिकाओं में आती हैं।
‘वुमन कार्ड’ पर नाराजगी
आम जिंदगी में महिलाओं के व्यवहार पर चित्रांगदा का नजरिया काफी अलग है। वह साफ कहती हैं, “जब महिलाएं बार-बार वुमन कार्ड खेलती हैं, तो मुझे चिढ़ होती है। अगर आप बराबरी चाहते हैं, तो आपको प्रोफेशनल तरीके से काम करना होगा।” उनका मानना है कि समानता की मांग के साथ जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए और हर स्थिति में भावनात्मक या जेंडर कार्ड खेलना सही नहीं है।
सोशल मीडिया को लेकर चित्रांगदा का नजरिया संतुलित है। वह मानती हैं कि आज के दौर में सोशल मीडिया जरूरी है, लेकिन उनके लिए वैलिडेशन का जरिया नहीं। “मैं प्रतिक्रियाएं देखती हूं, लेकिन मेरी जिंदगी सोशल मीडिया पर निर्भर नहीं है। अब यह मेरे काम का हिस्सा भर है,” उन्होंने कहा। सिंगल पैरेंट होने के सवाल पर चित्रांगदा ने कहा कि वह इसे को-पैरेंटिंग मानती हैं। “मैं किसी तरह का क्रेडिट नहीं लेना चाहती। बच्चे की परवरिश में परिपक्वता और आपसी समझ जरूरी होती है,” उन्होंने स्पष्ट किया।











