डार्क मोड को लेकर यह धारणा आम है कि इससे बैटरी बचती है और आंखों को आराम मिलता है, लेकिन हर स्थिति में ऐसा नहीं होता। ज्यादातर ऐप्स में डार्क ग्रे रंग इस्तेमाल होने से बैटरी बचत सीमित रहती है, वहीं लंबे समय तक पढ़ने पर यह आंखों की थकान और खराब यूजर एक्सपीरियंस की वजह भी बन सकता है।
Dark Mode Battery Saving Myth: आजकल स्मार्टफोन यूजर्स डार्क मोड को बैटरी सेवर मानकर इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी रिपोर्ट्स बताती हैं कि यह सुविधा हर फोन और हर ऐप में कारगर नहीं है। OLED और AMOLED डिस्प्ले में ही सीमित स्तर पर बैटरी बचत संभव होती है, जबकि LCD स्क्रीन में इसका असर लगभग नहीं के बराबर है। यह जानकारी हालिया टेक रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आई है, जिससे साफ होता है कि आंखों की थकान और डिजाइन से जुड़ी दिक्कतों के कारण कई यूजर्स के लिए डार्क मोड फायदे से ज्यादा नुकसानदेह साबित हो सकता है।
डार्क मोड और बैटरी सेविंग का सच
डार्क मोड को लेकर सबसे बड़ा भ्रम OLED और AMOLED डिस्प्ले से जुड़ा है। माना जाता है कि काले पिक्सल बंद हो जाते हैं और बिजली की खपत नहीं करते। यह बात तकनीकी रूप से तभी सही होती है, जब स्क्रीन पर असली काला रंग इस्तेमाल किया जाए।
असल में ज्यादातर ऐप्स और सिस्टम डार्क मोड में ब्लैक की जगह डार्क ग्रे शेड्स का उपयोग करते हैं। ये ग्रे पिक्सल भी पावर लेते हैं, जिससे बैटरी की बचत बहुत सीमित रह जाती है। LCD डिस्प्ले वाले फोन में तो डार्क मोड से बैटरी बचत लगभग नाममात्र की होती है।
![]()
आंखों पर पड़ने वाला असर
डार्क मोड को आंखों के लिए बेहतर माना जाता है, लेकिन लंबे समय तक पढ़ने के दौरान यह उल्टा असर भी डाल सकता है। सदियों से किताबें और अखबार सफेद पृष्ठभूमि पर काले अक्षरों में छपते आ रहे हैं, क्योंकि यह संयोजन आंखों के लिए ज्यादा आरामदायक होता है।
डार्क मोड में हल्के रंग का टेक्स्ट गहरे बैकग्राउंड पर होने से कंट्रास्ट बिगड़ सकता है। कई स्मार्टफोन्स में रंगों का संतुलन सही नहीं होता, जिससे आंखों पर ज्यादा दबाव पड़ता है और पढ़ते समय थकान महसूस होती है।
हर ऐप में नहीं जंचता डार्क मोड
डिजाइन के स्तर पर भी डार्क मोड हर ऐप के लिए उपयुक्त नहीं है। कई ऐप्स को शुरुआत में केवल लाइट मोड के हिसाब से डिजाइन किया गया था और बाद में उनमें डार्क मोड जोड़ा गया।
इसका असर यह होता है कि आइकन, ग्राफिक्स और रंग सही तरीके से उभरकर नहीं आते। कुछ ऐप्स में नीले या रंगीन आइकन सफेद बैकग्राउंड पर ज्यादा साफ दिखते हैं, जबकि डार्क मोड में वे फीके और भ्रमित करने वाले लगते हैं। इससे यूजर एक्सपीरियंस प्रभावित होता है।











