चूरू के रतनगढ़ में रोडवेज और स्लीपर बस की भिड़ंत, आधा दर्जन यात्री घायल

चूरू के रतनगढ़ में रोडवेज और स्लीपर बस की भिड़ंत, आधा दर्जन यात्री घायल

रतनगढ़ में मेगा हाईवे पर रोडवेज और स्लीपर बस की भिड़ंत हो गई। हादसे में आधा दर्जन यात्री घायल हुए। टक्कर के बाद हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटवाया।

Rajasthan: चूरू जिले के रतनगढ़ कस्बे में बुधवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शहर के मेगा हाईवे पर रोडवेज बस और एक निजी स्लीपर बस आमने-सामने टकरा गईं। यह दुर्घटना बस स्टैंड से कुछ दूरी पर स्थित टी-पॉइंट के पास हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों के आगे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय सड़क पर यातायात सामान्य था, लेकिन अचानक हुई भिड़ंत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्री चीख-पुकार करने लगे और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

70 से ज्यादा यात्री थे सवार

पुलिस के अनुसार रोडवेज बस अजमेर से सरदारशहर की ओर जा रही थी, जबकि स्लीपर बस हनुमानगढ़ से जयपुर की दिशा में रवाना थी। दोनों बसों में मिलाकर 70 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में करीब छह यात्रियों को चोटें आई हैं।

घायलों को मौके पर मौजूद लोगों और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना के तुरंत बाद मेगा हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस युवा नेता रामवीर सिंह राईका अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की मदद की और तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने के बाद रतनगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बसों को सड़क से हटवाया और जाम को धीरे-धीरे खुलवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस दोनों बस चालकों से पूछताछ कर रही है।

Leave a comment