अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितताओं और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से सेंसेक्स 1,690 अंक गिरकर 73,583 और निफ्टी 486 अंक टूटकर 22,819 पर बंद हुआ। निवेशक सावधानी बरत रहे हैं।
Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के अंतिम ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम को लेकर बनी अनिश्चितताओं ने निवेशकों को सतर्क कर दिया। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे हैवीवेट शेयरों में बिकवाली ने बाजार को और नीचे खींचा। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने से भी बाजार का सेंटीमेंट नकारात्मक रहा।
सेंसेक्स में बड़ी गिरावट
बीएसई सेंसेक्स ने 500 से ज्यादा अंक की गिरावट के साथ 74,883.79 पर खुला और कारोबार के दौरान 73,534 तक फिसल गया। अंत में यह 1,690.23 अंक या 2.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,583.22 पर बंद हुआ। निवेशकों की बेचैनी का कारण वैश्विक बाजारों की कमजोरी और घरेलू शेयरों में बिकवाली रही।
निफ्टी 22,819 पर बंद
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 23,173.55 पर खुला और इंट्रा-डे ट्रेड के दौरान 22,804 अंक तक गिर गया। अंत में यह 486.85 अंक या 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,819 पर बंद हुआ। निवेशकों ने इस दौरान सावधानी बरती और बाजार में बड़े लेवल की खरीदारी नहीं की।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडिगो, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में लाभ देखने को मिला।
सेक्टोरल स्तर पर सभी इंडेक्स लाल निशान में रहे। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 3.17 प्रतिशत, पीएसयू बैंक इंडेक्स 3.86 प्रतिशत और निफ्टी केमिकल इंडेक्स 3.44 प्रतिशत गिरा। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 2.24 प्रतिशत और 1.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
वैश्विक बाजारों का दबाव
एशियाई बाजारों में शुक्रवार को कमजोर रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स लगभग 0.94 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 2.7 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था। यह गिरावट अमेरिका के बाजारों में आई कमजोरी का असर दिखाती है।
अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को भी गिरावट रही। एसएंडपी 500 1.74 प्रतिशत, डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.01 प्रतिशत और नैस्डैक कंपोजिट 2.38 प्रतिशत नीचे बंद हुए। निवेशकों में अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
कच्चे तेल की कीमतें 107 डॉलर के करीब
ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 106.65 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले को 10 दिन के लिए रोक दिया और कहा कि बातचीत सही दिशा में बढ़ रही है। ईरान ने अमेरिका के लिए होरमुज जलडमरूमध्य से 10 तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति दी। हालांकि, ईरान ने बातचीत की कोई आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की है।








