Closing Bell: सेंसेक्स 938 अंक उछला, निफ्टी 23,408 पर बंद; आखिरी घंटे में आया जोरदार पलटाव

सेंसेक्स 938 अंक उछला, निफ्टी 23,408 पर बंद हुआ। ऑटो और बैंकिंग शेयरों की खरीदारी से मार्केट में आखिरी घंटे में जबरदस्त पलटाव देखा गया।
Closing Bell: सेंसेक्स 938 अंक उछला, निफ्टी 23,408 पर बंद; आखिरी घंटे में आया जोरदार पलटाव

सेंसेक्स सोमवार को 938 अंक की तेजी के साथ 75,502 पर बंद हुआ। निफ्टी 23,408 पर बंद हुआ। बैंकिंग और ऑटो शेयरों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली। निवेशकों को आखिरी घंटे में जबरदस्त पलटाव देखने को मिला।

Closing Bell Today: सोमवार, 16 मार्च को भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले ट्रेडिंग सेशन में सपाट रुख के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हालांकि, दोपहर 2:30 बजे के बाद बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली और बेंचमार्क इंडेक्स कुछ ही मिनटों में 1 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गए। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे हैवीवेट शेयरों में तेजी से बाजार को सबसे ज्यादा सपोर्ट मिला।

ऑटो और फाइनेंशियल सर्विसेज शेयरों में हालिया गिरावट के बाद निवेशकों द्वारा खरीदारी ने भी बाजार को मजबूती दी।

सेंसेक्स और निफ्टी की अंतिम स्थिति

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 74,415 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन अंत में तेजी हावी रही। सेंसेक्स 938.93 अंक या 1.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,502.85 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 23,116 पर ओपन हुआ। कारोबार के दौरान यह 22,955 अंक तक फिसला। हालांकि अंत में यह 257.70 अंक या 1.11 प्रतिशत की बढ़त लेकर 23,408 पर बंद हुआ।

विशेषज्ञों का नजरिया

जियोजित इंवेस्टमेंट्स में रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि दिन के आखिरी हिस्से में बाजार में अच्छी रिकवरी देखने को मिली। ऑटो, बैंकिंग और रोजमर्रा के उपभोक्ता सामान (FMCG) सेक्टर में कम कीमत पर खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया। हाल की गिरावट के बाद इसे राहत वाली तेजी माना जा रहा है।

हालांकि, शॉर्ट टर्म में कुछ चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। शेयरों के वैल्यूएशन में थोड़ी नरमी आई है, जिससे कई प्रमुख सेक्टर में पहले जो ज्यादा महंगा मूल्यांकन था वह कम हुआ है।

विनोद नायर ने आगे कहा कि निवेशकों की भावना इस बात पर निर्भर करेगी कि होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति में क्या बदलाव आता है। अगर सप्लाई से जुड़ी दिक्कतें कम होती हैं, तो बाजार को और सहारा मिल सकता है। वहीं, कच्चे तेल की लगातार ऊंची कीमतें बाजार पर दबाव बनाए हुए हैं।

वैश्विक आर्थिक स्थिति का असर

वैश्विक स्तर पर निवेशकों की नजर अमेरिका के केंद्रीय बैंक (Federal Reserve) के आगामी नीतिगत फैसले पर भी है। फिलहाल यह माना जा रहा है कि ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि महंगाई का दबाव और वैश्विक राजनीतिक अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है।

एशिया के अधिकतर शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिली। जापान का Nikkei 225 करीब 0.73 प्रतिशत नीचे ट्रेड कर रहा था, जबकि दक्षिण कोरिया का Kospi लगभग 0.20 प्रतिशत गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था।

पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी शेयर बाजारों में भी दबाव देखा गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण निवेशकों की धारणा कमजोर हुई। अमेरिका में S&P 500 करीब 0.61 प्रतिशत और Dow Jones Industrial Average लगभग 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

टॉप गेनर्स और लूजर्स

सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्रा सीमेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त देखी गई। यह 4 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर बंद हुआ। इसके अलावा इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, ट्रेंट लिमिटेड, बजाज फाइनेंस और आईटीसी भी लाभ में रहे।

दूसरी तरफ, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, टाइटन, भारती एयरटेल, टीसीएस और इंफोसिस प्रमुख रूप से गिरावट में रहे।

सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी ऑटो सबसे अधिक लाभ कमाने वाला सेक्टर रहा, जिसमें 1.67 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी प्राइवेट बैंक सेक्टर का स्थान रहा। वहीं निफ्टी ऑयल एंड गैस और रियल्टी सेक्टर में सबसे अधिक गिरावट देखी गई।

ब्रोडर मार्केट का प्रदर्शन सेंसेक्स और निफ्टी की तुलना में कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 0.43 प्रतिशत और 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

Leave a comment