Columbus

दीपोत्सव में उप मुख्यमंत्री के दौरे रद्द, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना, जानें वजह

दीपोत्सव में उप मुख्यमंत्री के दौरे रद्द, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना, जानें वजह

अयोध्या दीपोत्सव 2025 में डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल नहीं हुए। नाराजगी का कारण विज्ञापन में उनके नाम का अभाव बताया गया। SP अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला किया।

Deepotsav Program 2025: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीपोत्सव 2025 के भव्य कार्यक्रम में राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल नहीं हुए। सूत्रों के अनुसार दोनों डिप्टी सीएम नाराज चल रहे हैं और इसी कारण उन्होंने अपना अयोध्या दौरा रद्द कर दिया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी उपस्थित नहीं रहीं। यह पहली बार है जब दीपोत्सव में गवर्नर और दोनों उप मुख्यमंत्री शामिल नहीं हुए।

क्यों नाराज हैं डिप्टी सीएम

सूत्रों के मुताबिक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बिहार से लौट कर आए थे, लेकिन अयोध्या दौरा रद्द कर दिया गया। वहीं ब्रजेश पाठक ने भी अपना दौरा रद्द किया। नाराजगी की मुख्य वजह दीपोत्सव के विज्ञापन में उनके नाम न होने को बताया जा रहा है। विज्ञापन में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो के साथ पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही के नाम शामिल थे। इस कारण दोनों उप मुख्यमंत्री ने इसे अपमान मानकर दौरा रद्द कर दिया।

अखिलेश यादव ने साधा बीजेपी पर निशाना

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले पर X (पूर्व Twitter) पर टिप्पणी करते हुए बीजेपी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि जनता पूछ रही है कि यूपी में उप मुख्यमंत्री के दोनों पद समाप्त कर दिए गए हैं क्या। विज्ञापन में कनिष्ठ मंत्रियों के नाम दिखाई दे रहे हैं, लेकिन डिप्टी सीएम के नाम शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की वर्चस्ववादी सोच और अपनी ही लोगों की उपेक्षा स्पष्ट हो रही है। अखिलेश ने यह भी कहा कि डबल इंजन सरकार में इंजन से डबल डिब्बे टकरा रहे हैं और इससे अयोध्या के पीडीए समाज में नाराजगी बढ़ रही है।

विज्ञापन पर सफाई

सूत्रों के अनुसार दीपोत्सव का यह विज्ञापन सूचना विभाग द्वारा जारी किया गया। अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के नाम विज्ञापन में शामिल किए गए क्योंकि वे कार्यक्रम के संचालन में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। इस कारण डिप्टी सीएम के नाम इसमें नहीं आए।

Leave a comment