Columbus

पेरिस लूव्र में चोरी का सनसनीखेज मामला, सात मिनट में नेपोलियन के गहने गायब

पेरिस लूव्र में चोरी का सनसनीखेज मामला, सात मिनट में नेपोलियन के गहने गायब

पेरिस के लूवर म्यूजियम से नेपोलियन और उनकी महारानी के गहने चोरी। अपोलो गैलरी में हुई यह वारदात सात मिनट में पूरी हुई। म्यूजियम बंद कर सुरक्षा कड़ी की गई और पुलिस ने जांच शुरू की।

World News: पेरिस स्थित दुनिया के सबसे मशहूर म्यूजियम, लूवर में रविवार को चोरी की बड़ी घटना हुई। चोरी अपोलो गैलरी से हुई, जिसमें नेपोलियन और उनकी महारानी के बहुमूल्य गहने शामिल थे। चोरी की यह वारदात केवल सात मिनट में पूरी हो गई, जिसके बाद म्यूजियम को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया। फ्रांस की संस्कृति मंत्री रचिदा दाती ने बताया कि किसी को चोट नहीं लगी और म्यूजियम के स्टाफ तथा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गए।

चोरों ने कैसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरों ने वारदात करने के लिए स्कूटर और छोटे चेनसॉ का इस्तेमाल किया। उन्होंने अपोलो गैलरी तक पहुंचने के लिए म्यूजियम की लिफ्ट का इस्तेमाल किया और खिड़कियों को तोड़कर कमरे में घुसपैठ की। चोरी में कथित तौर पर नौ गहने शामिल थे। गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने पुष्टि की कि चोरी हुए गहनों की क़ीमत करोड़ों में हो सकती है, लेकिन इसका पूरा अंदाजा अभी लगाया जा रहा है।

लूवर म्यूजियम की सुरक्षा 

लूवर दुनिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला म्यूजियम है, जहां रोजाना लगभग 30,000 लोग आते हैं। म्यूजियम में 33,000 से अधिक कलाकृतियां हैं, जिनमें मूर्तियां, पेंटिंग्स और प्राचीन वस्तुएं शामिल हैं। चोरी की गई अपोलो गैलरी फ्रांस के शाही रत्नों का संग्रह रखती थी। लूवर म्यूजियम में सुरक्षा व्यवस्था पहले भी चर्चा का विषय रही है, लेकिन इस तरह की तेज़ चोरी ने चिंता बढ़ा दी है।

इतिहास में हुई बड़ी चोरियां

लूवर म्यूजियम में यह पहली बड़ी चोरी नहीं है। सबसे मशहूर चोरी 1911 में हुई थी, जब लियोनार्डो दा विंची की पेंटिंग मोना लिसा चोरी हो गई थी। यह चोरी एक पुराने कर्मचारी ने की थी और दो साल बाद पेंटिंग बरामद हुई। इसके अलावा 1983 में पुनर्जागरण काल के दो कवच चोरी हुए थे, जो 2021 में मिले। अब नेपोलियन के गहनों की चोरी ने म्यूजियम के इतिहास में एक और काला अध्याय जोड़ दिया है।

म्यूजियम के बाहर सुरक्षा कड़ी

चोरी के बाद लूवर म्यूजियम के बाहर बैरिकेड्स लगाए गए और म्यूजियम खुलने का इंतजार कर रहे लोगों को बाहर रोका गया। आसपास के इलाके में ट्रैफिक कंट्रोल किया गया। फ्रांस की पुलिस और सरकारी वकीलों की टीम इस घटना की गहन जांच कर रही है।

Leave a comment