मवीकलां ओवरब्रिज पर हुआ भीषण सड़क हादसा
दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक वाहन दिल्ली से शामली की ओर जा रहा था। मवीकलां ओवरब्रिज के मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो पलट गई और हाईवे पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एनएचएआई टीम को सूचना दी।
एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवार युवकों की जान बच गई। हालांकि हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार चारों युवक दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-20 और सुल्तानपुरी इलाके के रहने वाले बताए गए हैं।
घायलों में केशव, अनीश और हर्ष की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। एक अन्य युवक को मामूली चोटें आई हैं। एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
हाईवे से हटाई गई क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन हाईवे पर खड़ा होने से यातायात प्रभावित होने लगा था। इसके बाद एनएचएआई टीम ने कार को हाईवे किनारे हटवाया और रास्ता साफ कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की हालत देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल था कि उसमें सवार लोग बच पाए होंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर लगातार बढ़ती रफ्तार की वजह से ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं।
अलग हादसे में युवक गंभीर घायल
वहीं रमाला क्षेत्र में एक अन्य सड़क हादसे में गांव कंडेरा निवासी अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि वह खेत से पैदल घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी।
राहगीरों की मदद से घायल युवक को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, बाद में गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।











