भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को लेकर सोशल मीडिया पर सोमवार से एक अफवाह तेजी से फैल रही थी, जिसमें दावा किया जा रहा था कि उनका निधन हो गया है। इस झूठी खबर ने न केवल उनके प्रशंसकों को सदमे में डाल दिया, बल्कि बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी हलचल मचा दी।
Dharmendra: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र हाल ही में सोशल मीडिया पर फैली झूठी खबरों के कारण सुर्खियों में आ गए। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती धर्मेंद्र के बारे में अफवाह फैलाई गई थी कि उनका निधन हो गया है। यह खबर तेजी से वायरल होने लगी, जिससे उनके प्रशंसक और फिल्म इंडस्ट्री के लोग चिंतित हो गए।
हालांकि, धर्मेंद्र की बेटी और अभिनेत्री एशा देओल ने तुरंत इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया के ज़रिए इन अफवाहों का खंडन किया। एशा ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि उनके पिता बिल्कुल स्वस्थ हैं और उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि ऐसी झूठी खबरों पर विश्वास न करें और अफवाहें फैलाने से बचें।
फेक न्यूज ने मचाई सनसनी
सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की अफवाह ने देखते ही देखते आग की तरह फैल गई। कुछ मीडिया पोर्टलों ने तो यहां तक दावा कर दिया कि अभिनेता वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत गंभीर है। इस फेक न्यूज के बाद फैंस में अफरा-तफरी मच गई। लोग लगातार सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देने लगे, लेकिन जल्द ही इस खबर की सच्चाई सामने आ गई।
दरअसल, धर्मेंद्र फिलहाल मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल (Breach Candy Hospital, Mumbai) में इलाज करा रहे हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

एशा देओल ने दी सच्चाई की जानकारी
फेक न्यूज के बीच धर्मेंद्र की बेटी एशा देओल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा,
'मीडिया बहुत जल्दी में है और बिना पुष्टि के फेक न्यूज फैला रहा है। मेरे पिता बिल्कुल जीवित हैं और उनका इलाज चल रहा है। हम आप सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। मेरे पिता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करने वालों का मैं दिल से धन्यवाद करती हूं।'
एशा के इस पोस्ट के बाद फैंस को राहत मिली और सोशल मीडिया पर उन्हें धन्यवाद देने की बाढ़ आ गई। कई बॉलीवुड कलाकारों ने भी धर्मेंद्र के शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ की।
मीडिया पर भड़कीं एशा देओल
एशा देओल ने इस मौके पर मीडिया को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आजकल कई मीडिया हाउस बिना सत्यापन के खबरें प्रकाशित कर रहे हैं, जिससे न केवल परिवारों को मानसिक कष्ट होता है बल्कि झूठी जानकारी जनता तक पहुंचती है। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि इस तरह की संवेदनशील खबरों को लेकर जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग की जाए।
फिलहाल धर्मेंद्र डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें सामान्य थकान और कमजोरी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर करीबी नजर रख रही है।










