राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बांसियाल गांव में उत्खनन के दौरान लगभग 4,500 साल पुरानी सभ्यता के अहम प्रमाण मिले हैं। लाइम पाउडर से बनी दीवारें, तांबे की रिंग, हड्डी के औजार और आभूषण जैसी सामग्री यहां एक उन्नत और संगठित जीवन के अस्तित्व की ओर संकेत करती है।
Jaipur: राजस्थान के झुंझुनूं जिले से 65 किलोमीटर दूर बांसियाल गांव में जारी उत्खनन कार्य ने इतिहास के नए द्वार खोल दिए हैं। यहां मिले अवशेष बताते हैं कि यह क्षेत्र लगभग 4,500 साल पुरानी ताम्र पाषाणिक संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। उत्खनन में लाइम पाउडर से बनी दीवारें, तांबे की रिंग, हड्डी के औजार और आभूषण जैसी वस्तुएं मिली हैं, जो दर्शाती हैं कि उस समय यहां उन्नत और संगठित सामाजिक जीवन मौजूद था।
पुरातत्वविदों के अनुसार, यह स्थल गणेश्वर सभ्यता से जुड़ा है और इसके लोग हड़प्पा सभ्यता से व्यापार करते थे। गुजरात, हरियाणा और राजस्थान के अन्य हिस्सों से इनके सांस्कृतिक संबंधों के प्रमाण भी मिलते हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की अनुमति से की जा रही इस दीर्घकालिक अनुसंधान परियोजना में चार साल के सर्वे के बाद अक्टूबर में उत्खनन शुरू किया गया था, जिसने अब प्राचीन संस्कृति की अनमोल झलक सामने रखी है।
कचरा निस्तारण की उन्नत व्यवस्था
स्थल पर मिले गोलाकार गड्ढे इस बस्ती की सुव्यवस्थित कचरा प्रबंधन प्रणाली को दर्शाते हैं। इन गड्ढों में हड्डियों और मिट्टी के बर्तनों के अवशेष मिले हैं, जो बताता है कि लोग रोजमर्रा के अपशिष्ट को योजनाबद्ध तरीके से निस्तारित करते थे।
खास बात यह है कि कचरा गड्ढों को ढककर रखा जाता था, जिससे साफ पता चलता है कि उस समय के लोग स्वच्छता और बस्ती प्रबंधन को लेकर जागरूक थे। यह प्राचीन समाज की उन तकनीकों पर भी रोशनी डालता है, जो आज की आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली से कहीं न कहीं जुड़ती हुई नजर आती हैं।
व्यापार के मजबूत प्रमाण
![]()
उत्खनन में कार्नेलियन पत्थर से बने मनके मिले हैं, जो प्राचीन व्यापार संबंधों का मजबूत संकेत देते हैं। ऐसे मनके सामान्यतः गुजरात क्षेत्र में पाए जाते थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि बांसियाल की यह बस्ती गुजरात की सभ्यताओं से व्यापारिक रूप से जुड़ी हुई थी।
मनकों के साथ-साथ यहां से तांबे की वस्तुएं और विशेष प्रकार की स्टीटाइट सामग्री भी मिली है। यह दर्शाता है कि यह क्षेत्र केवल स्थानीय विनिर्माण पर निर्भर नहीं था, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों के साथ सक्रिय आर्थिक आदान-प्रदान का हिस्सा था।
बस्ती संरचना के अनोखे साक्ष्य
शोधकर्ताओं ने बताया कि पहली बार बस्ती के भीतर घरों की संरचनात्मक रूपरेखा सामने आई है। उत्खनन में एक स्पष्ट कुटी (झोपड़ी) और उससे जुड़ा प्लेटफॉर्म मिला है, जो प्राचीन घरेलू वास्तुकला की उन्नत समझ को दर्शाता है।
इन संरचनाओं ने यह भी स्पष्ट किया है कि यहां का समाज योजनाबद्ध तरीके से बसाया गया था। रहने की जगह, कार्यस्थल और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था एक व्यवस्थित बस्ती प्रणाली की ओर इशारा करती है।
मिट्टी के बर्तन और घरेलू उपयोग की वस्तुएं
लाल रंग वाले मृद्भांड, हैंडल लगे बर्तन और उपयोगी घरेलू सामग्री यहां विकसित कुम्हारी तकनीक और सौंदर्यबोध को दिखाती है। इन बर्तनों पर मिलने वाले हैंडल और डिज़ाइन उस समय के शिल्प कौशल की उन्नत स्थिति का प्रमाण हैं।
इसके साथ ही हड्डी और तांबे से बने औजार, आभूषण और सजावटी वस्तुएं मिली हैं, जो इस बात को मजबूती देती हैं कि बांसियाल की सभ्यता न केवल तकनीकी रूप से सक्षम थी, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी समृद्ध थी।










