दिसंबर 2025 में स्पाई-एक्शन थ्रिलर धुरंधर से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद आदित्य धर और रणवीर सिंह एक बार फिर इसके सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज को लेकर लौट आए हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म Dhurandhar 2: The Revenge आज दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और रिलीज के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत कर दी है। अभिनेता Ranveer Singh और निर्देशक Aditya Dhar की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म के पहले दिन के शुरुआती आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि यह साल की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों में शामिल हो सकती है। पेड प्रीव्यू शो से लेकर पहले दिन की सुबह तक फिल्म ने करोड़ों की कमाई कर ली है और ट्रेड एक्सपर्ट्स इसके रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।
पेड प्रीव्यू शो में ही बना दिया बड़ा रिकॉर्ड
18 मार्च को हुए पेड प्रीव्यू शोज में फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला। देशभर में हजारों शोज के साथ रिलीज हुई इस फिल्म ने प्रीमियर स्क्रीनिंग में ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत कर दी। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पेड प्रीव्यू शोज से भारत में लगभग 44 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 52 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
वहीं वर्ल्डवाइड स्तर पर प्रीव्यू शोज से ही करीब 75 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म ने अपने पहले पार्ट Dhurandhar की ओपनिंग कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसने भारत में लगभग 28 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी।

पहले दिन सुबह तक करोड़ों की कमाई
19 मार्च को फिल्म की फुल रिलीज के साथ ही सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह के शोज से ही फिल्म को शानदार ऑक्यूपेंसी मिल रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रिलीज के दिन सुबह 8 बजे तक फिल्म लगभग 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी थी। यदि पेड प्रीव्यू और पहले दिन की शुरुआती कमाई को जोड़ दिया जाए तो भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 50 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।
ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि शाम और रात के शोज के बाद फिल्म का कलेक्शन तेजी से बढ़ सकता है और पहले दिन के अंतिम आंकड़े काफी बड़े हो सकते हैं। पहले दिन की ऑक्यूपेंसी रिपोर्ट अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती रुझानों के मुताबिक बड़े शहरों में मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन दोनों में फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। एक्शन, स्पाई-थ्रिलर और बड़े बजट के विजुअल्स के कारण फिल्म को खास तौर पर युवा दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
200 करोड़ की ओपनिंग की उम्मीद
फिल्म के प्रीव्यू कलेक्शन और शुरुआती ट्रेंड को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि Dhurandhar 2: The Revenge वर्ल्डवाइड ओपनिंग डे पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह बॉलीवुड इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों में शामिल हो जाएगी।
भारत में भी फिल्म के 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग करने की संभावना जताई जा रही है।









