दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए कार धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ अहम बैठक की। उन्होंने जांच तेज करने, दोषियों को जल्द पकड़ने और देशभर में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
Delhi Blast: दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए कार विस्फोट के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार सुबह अपने निजी आवास पर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में खुफिया एजेंसियों और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में आतंकी हमले की जांच की प्रगति और देशभर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। शाह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस हमले में शामिल लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और किसी भी कीमत पर देश की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए।
शीर्ष अधिकारियों के साथ अहम बैठक
बैठक में एनआईए (NIA) के डीजी, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के डायरेक्टर, गृह सचिव और दिल्ली पुलिस आयुक्त मौजूद रहे। बैठक में राष्ट्रीय राजधानी के साथ-साथ देश के अन्य प्रमुख शहरों की सुरक्षा स्थिति का विस्तृत ब्योरा पेश किया गया। गृह मंत्री ने सभी एजेंसियों को संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ाने और संभावित आतंक गतिविधियों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
गुजरात दौरा रद्द कर दिल्ली में डटे रहे अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह का गुरुवार को प्रस्तावित गुजरात दौरा रद्द कर दिया गया। उन्हें अहमदाबाद फूड फेस्टिवल और अहमदाबाद इंटरनेशनल बुक फेस्टिवल 2025 का उद्घाटन करना था। भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में हुए विस्फोट और सुरक्षा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शाह ने दिल्ली में ही रहकर हालात की निगरानी करने का फैसला लिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रमों में जुड़ सकते हैं शाह
भाजपा नेता और गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के प्रवक्ता बिमल जोशी ने बताया कि अमित शाह को मेहसाणा की दूधसागर डेयरी के उद्घाटन कार्यक्रम में भी आमंत्रित किया गया था। जोशी ने कहा कि गृह मंत्री का अहमदाबाद और मेहसाणा दौरा रद्द कर दिया गया है, हालांकि संभावना है कि वे इन कार्यक्रमों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हों।
लाल किला धमाके के बाद बढ़ी सुरक्षा चौकसी
सोमवार शाम लाल किला के पास एक कार में हुए विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। धमाके के तुरंत बाद अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा एजेंसियों को जांच तेज करने के निर्देश दिए। मंगलवार को उन्होंने दो बार सुरक्षा समीक्षा बैठकें कीं, ताकि जांच की गति और सुरक्षा उपायों की मजबूती सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षा एजेंसियों को सख्त निर्देश
गृह मंत्री ने जांच एजेंसियों को यह भी निर्देश दिया कि इस हमले में शामिल हर व्यक्ति तक पहुंचा जाए और उनकी मंशा को उजागर किया जाए। साथ ही उन्होंने दिल्ली समेत देशभर में महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों, ऐतिहासिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया।











