दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके के बाद उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने राज्य की सीमाओं और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
देहरादून: दिल्ली के लाल किले के पास हाल ही में हुए कार बम धमाके के बाद उत्तराखंड में पुलिस और प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य की अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। रात भर राज्यभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया और हताहत एवं घायल लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने डीजीपी को राज्य की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने, पुलिस को हाई अलर्ट पर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है और किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीजीपी के निर्देश और सुरक्षा इंतजाम
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी जिला प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे गश्त और चेकिंग बढ़ाएं, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना दें और सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग करें। इसके अलावा राज्यभर में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोल कार, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को सक्रिय किया गया है। ये टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चला रही हैं।

राज्य स्तर पर पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से सभी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। डीजीपी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें।
मुख्य जिलों में सुरक्षा बढ़ाई गई
- देहरादून: एसएसपी अजय सिंह के निर्देशन में पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर के महत्वपूर्ण स्थानों, सीमाओं और आंतरिक मार्गों पर पुलिस द्वारा प्रत्येक वाहन और व्यक्ति की जांच की जा रही है।
- हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष चेकिंग कराई और अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
- चंपावत: एसपी अजय गणपति के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें।
- रूद्रप्रयाग: एसपी अक्षय कोंडे ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को प्रभावी गश्त और सघन चेकिंग के निर्देश दिए।
- अन्य जिलों: उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भी हाई अलर्ट के तहत सुरक्षा और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
उत्तराखंड की चीन और नेपाल से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीमा इलाकों में सशस्त्र गश्त और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी जाए।










