बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भागलपुर जिले में मतदान जारी है। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दिन के 11 बजे तक करीब 29% मतदाताओं ने अपने वोट डाल दिए हैं। इससे पहले सुबह 9 बजे तक 13% मतदान दर्ज किया गया था।
भागलपुर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में मंगलवार, 11 नवंबर को भागलपुर में मतदान शुरू हो गया। सुबह सात बजे से ही मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। जिले की अंतरराज्यीय सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है और चुनाव समाप्त होने तक किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध है। इसके अलावा जिले की सीमा पर सघन जांच और सुरक्षा व्यवस्था भी लागू की गई है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 11 बजे तक भागलपुर जिले में 29 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया, जबकि सुबह 9 बजे तक यह आंकड़ा केवल 13 प्रतिशत था। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस और अन्य सुरक्षा बल तैनात हैं, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
मतदान के लिए विशेष दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान के दिन एक अभ्यर्थी को अधिकतम तीन वाहनों की अनुमति दी गई है। सभी उम्मीदवारों को अपने मतदान केंद्र से 100 मीटर की सीमा में ही अपने बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार सुबह 5:30 बजे से मॉक पोल (Mock Poll) शुरू किया गया, जिसमें सभी पोलिंग एजेंटों को भाग लेने के निर्देश दिए गए। अगर कोई एजेंट समय पर नहीं पहुंचता है, तो मॉक पोल उनकी अनुपस्थिति में ही प्रारंभ कर दी जाती है। इसके बाद ईवीएम की सिलिंग प्रक्रिया पूरी की गई।
मतदान समाप्ति के बाद पोलिंग एजेंटों को फार्म 17सी की प्रति प्राप्त होगी। मतदान के बाद काउंटिंग एजेंट की नियुक्ति विधानसभावार टेबलवार की जाएगी। ईवीएम की मतगणना 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से पालिटेक्निक और महिला आईटीआई में की जाएगी।

मतदान केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था
भागलपुर जिले में 2,686 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 461 संवेदनशील और 736 अतिसंवेदनशील केंद्र हैं। सामान्य मतदान केंद्रों की संख्या 1,489 है। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 90 स्टेटिक सर्विलांस टीम, 23 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 302 सेक्टर पदाधिकारी टीम, सात वीडियो सर्विलांस टीम और आठ सहायक व्यय प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। मतदान कर्मियों के लिए छह डिस्पैच सेंटर और मतगणना के लिए दो काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं।
सेना और पुलिस की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर लागू है। सबसे अधिक संवेदनशील मतदान केंद्र भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में 111 हैं, जबकि अतिसंवेदनशील केंद्र पीरपैंती में सबसे अधिक हैं।
भागलपुर जिले में सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का विवरण
- बिहपुर - 316
- गोपालपुर - 317
- पीरपैंती - 438
- कहलगांव - 423
- भागलपुर - 375
- सुल्तानगंज - 399
- नाथनगर - 418
मतदान और काउंटिंग एजेंटों को मोबाइल फोन, शस्त्र और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं मतदान केंद्रों में ले जाने की अनुमति नहीं है। चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता (MCC) के तहत सभी कार्यवाही की जा रही है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी और अव्यवस्था को रोका जा सके।












