दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू, LG ने किया सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा

दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू, LG ने किया सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा

दिल्ली विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हुआ। LG ने स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और वायु प्रदूषण पर सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा दिया। विपक्ष ने AQI मॉनिटरिंग और प्रदूषण नियंत्रण पर आलोचना की।

Winter Session: दिल्ली विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। इस सत्र में वायु प्रदूषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की समीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बहस होने की संभावना है। उपराज्यपाल (LG) ने अपने अभिभाषण में दिल्ली सरकार की अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा दिया।

LG के अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियां

उपराज्यपाल ने विधानसभा सत्र के पहले अभिभाषण में कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कुल व्यय का 13 प्रतिशत खर्च किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना दिल्ली में लागू की गई है और अब तक 6 लाख 72 हजार कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत 188 अस्पतालों को जोड़ा गया है और अब तक 19 हजार लोगों को इसका लाभ मिल चुका है।

शिक्षा क्षेत्र में भी कई कदम उठाए गए हैं। LG ने बताया कि स्कूलों में मनमानी फीस पर रोक लगाने के लिए सरकार ने बिल पेश किया है। इसके अलावा 150 APJ अब्दुल कलाम प्रयोगशालाएं बनाई जा रही हैं और 9वीं से 12वीं कक्षाओं को डिजिटल किया जा रहा है। 175 IT लैब भी स्कूलों में स्थापित की जा रही हैं।

परिवहन और पर्यावरण के क्षेत्र में दिल्ली सरकार ने 3535 इलेक्ट्रिक बसें चलाना शुरू की हैं। इसके साथ ही 36 हजार चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना पर काम चल रहा है। सड़कों के नवीनीकरण के क्षेत्र में भी सरकार ने कम समय में 150 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण किया है।

वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य पर चर्चा

सत्र के दौरान वायु प्रदूषण के मुद्दे पर भी बहस होने की संभावना है। LG ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या गंभीर है और इसे कम करने के लिए कई पहल की गई हैं। उन्होंने पूर्व उपायों और उनकी प्रभावशीलता का आकलन किया और कहा कि सभी उपायों को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में कहा कि सत्र का उद्देश्य पॉलिसी और डिलीवरी की समीक्षा करना है। उन्होंने सभी विधायकों से आग्रह किया कि वे प्रदूषण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा में हिस्सा लें और दिल्ली के लोगों के लिए बेहतर समाधान निकालने में सहयोग करें।

नेता प्रतिपक्ष की आलोचना

वहीं, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और AAP नेता आतिशी ने दिल्ली सरकार पर वायु प्रदूषण के मुद्दे पर गंभीर आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों से दिल्ली के लोग सांस नहीं ले पा रहे हैं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। आतिशी ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार AQI मॉनिटरिंग में गड़बड़ी कर रही है और GRAP (Graded Response Action Plan) सही तरीके से लागू नहीं हो रहा है।

आतिशी ने कहा कि आज दिल्ली की जनता को मास्क पहनकर सांस लेनी पड़ रही है और उन्होंने सभी AAP विधायकों के साथ भाजपा पर निशाना साधते हुए विधानसभा में मास्क पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यह सरकार की नीतियों में कमजोरी और जनता के प्रति उपेक्षा को दर्शाता है।

तीन कैग रिपोर्ट पेश की जाएंगी

इस सत्र में सरकार तीन कैग (CAG) रिपोर्ट भी पेश करेगी। ये रिपोर्टें अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते हुए पुनर्निर्मित बंगले पर खर्च, दिल्ली जल बोर्ड के कामकाज और दिल्ली सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों पर होंगी। इन रिपोर्टों पर विधानसभा में व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

Leave a comment