महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार एक ऐसा नाम हैं, जिनका असर सिर्फ सरकार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संगठन, सत्ता संतुलन और क्षेत्रीय राजनीति तक फैला हुआ है।
मुंबई: महाराष्ट्र के दिग्गज नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख अजित पवार की असामयिक मौत के बाद राज्य की राजनीति में भारी उथल-पुथल मच गई है। एक ओर एनसीपी ने अपना सबसे बड़ा नेतृत्वकर्ता खो दिया है, तो दूसरी ओर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री का अहम पद भी खाली हो गया है। इसके साथ ही बारामती की जनता ने अपने सबसे लोकप्रिय विधायक को भी खो दिया, जिससे क्षेत्र और राज्य दोनों स्तरों पर राजनीतिक शून्यता पैदा हो गई है।
1. महाराष्ट्र का अगला डिप्टी सीएम कौन होगा?
अजित पवार लंबे समय तक महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और सरकार के अहम स्तंभ रहे हैं। उनके बाद सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि एनसीपी कोटे से डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी किसे मिलेगी। राजनीतिक हलकों में सबसे पहले नाम आता है सुनेत्रा पवार का। वे राज्यसभा सांसद हैं और संगठन के भीतर मजबूत स्वीकार्यता रखती हैं। कई एनसीपी नेता मानते हैं कि पवार परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
इसके अलावा प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे जैसे वरिष्ठ नेता भी इस दौड़ में माने जाते हैं। यह फैसला न केवल एनसीपी बल्कि महायुति सरकार के सत्ता संतुलन को भी प्रभावित करेगा।
2. महाराष्ट्र का बजट कौन पेश करेगा?
![]()
अजित पवार के पास लंबे समय तक वित्त मंत्रालय रहा है। ऐसे में उनके राजनीतिक रूप से सक्रिय न रहने की स्थिति में राज्य का बजट कौन पेश करेगा, यह भी अहम सवाल होगा। संवैधानिक प्रक्रिया के तहत, जब तक नया वित्त मंत्री नियुक्त नहीं होता, तब तक मुख्यमंत्री स्वयं वित्त विभाग संभाल सकते हैं। ऐसे में यह संभावना बनती है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अस्थायी रूप से बजट पेश करें या किसी भरोसेमंद वरिष्ठ मंत्री को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए।
3. बारामती का अगला राजनीतिक चेहरा कौन होगा?
बारामती दशकों से पवार परिवार का राजनीतिक गढ़ रहा है। पहले शरद पवार और फिर अजित पवार ने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। अगर भविष्य में नेतृत्व परिवर्तन होता है, तो सवाल उठेगा कि बारामती की जनता किसे अगला चेहरा मानेगी। संभावित नामों में:
- सुनेत्रा पवार
- पार्थ पवार
- जय पवार
- रोहित पवार
- युगेंद्र पवार
इन सभी नामों की अपनी राजनीतिक ताकत और सीमाएं हैं। बारामती का फैसला सिर्फ एक सीट नहीं, बल्कि पवार राजनीति की विरासत का प्रतीक होगा।
4. NCP का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन बनेगा?
अजित पवार के नेतृत्व में एनसीपी ने संगठनात्मक मजबूती दिखाई है। उनकी मृत्यु के बाद पार्टी को ऐसे नेता की जरूरत होगी, जो संगठन, गठबंधन और चुनावी रणनीति—तीनों को संतुलित कर सके। इस रेस में सबसे मजबूत नाम माना जाता है प्रफुल्ल पटेल का। वे पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और राष्ट्रीय राजनीति में लंबा अनुभव रखते हैं। वहीं, पवार परिवार से जुड़े नाम भी चर्चा में बने रहते हैं।
पार्टी के भीतर यह भी राय बन रही है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी अलग-अलग नेताओं को दी जाए, ताकि सत्ता और संगठन में संतुलन बना रहे।











