रुपये की कमजोरी के बीच LTCG टैक्स पर सवाल, Emkay की रिपोर्ट से बहस तेज

रुपये की गिरावट और FPI आउटफ्लो के बीच Emkay की रिपोर्ट में बजट 2026 से पहले LTCG टैक्स खत्म करने की सिफारिश, CAD और टैक्स नीति पर नई बहस तेज।

रुपये की लगातार कमजोरी और विदेशी निवेशकों के आउटफ्लो के बीच Emkay की रिपोर्ट ने बजट 2026 से पहले LTCG टैक्स खत्म करने की मांग तेज कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा हालात में भारी कैपिटल गेन टैक्स अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा सकता है।

LTCG: रुपये की लगातार कमजोरी, विदेशी निवेशकों के लगातार पलायन और करंट अकाउंट डेफिसिट (CAD) के दबाव के बीच एक बार फिर लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स (LTCG) को खत्म करने की मांग तेज हो गई है। बजट 2026 से पहले यह मुद्दा नीति निर्माताओं, बाजार विशेषज्ञों और निवेशकों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है। एमके ग्लोबल (Emkay) की एक ताजा रिपोर्ट ने इस बहस को और धार दी है। रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि जब तक भारत का करंट अकाउंट संतुलित नहीं होता और रुपया स्थिर नहीं बनता, तब तक कैपिटल गेन पर भारी टैक्स अर्थव्यवस्था के लिए फायदेमंद नहीं हो सकता।

LTCG पर क्यों उठ रहे हैं सवाल

एमके ग्लोबल का मानना है कि इक्विटी गेन पर टैक्स लगाने का समय जरूर आएगा, लेकिन सबसे अहम चीज सही sequencing है। यानी पहले अर्थव्यवस्था की बुनियादी मजबूती, फिर टैक्स। रिपोर्ट कहती है कि मौजूदा हालात में LTCG जैसे टैक्स विदेशी निवेश को हतोत्साहित कर रहे हैं। जब देश पहले से CAD और रुपये की कमजोरी से जूझ रहा हो, तब कैपिटल फ्लो पर अतिरिक्त बोझ डालना उलटा असर डाल सकता है।

करंट अकाउंट डेफिसिट की असली तस्वीर

एमके इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के सीईओ नीरव सेठ के मुताबिक, करंट अकाउंट डेफिसिट किसी कंपनी के घाटे की तरह होता है। यह धीरे-धीरे देश की नेटवर्थ को कमजोर करता है। अगर यह घाटा लंबे समय तक बना रहता है, तो कर्ज देने वाले देश उस देश की प्रोडक्टिव एसेट्स में हिस्सेदारी बढ़ाते चले जाते हैं। कोई भी संप्रभु देश इस स्थिति को लंबे समय तक स्वीकार नहीं कर सकता। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका में डॉनल्ड ट्रंप की नीतियां इसी वास्तविकता की प्रतिक्रिया मानी जा सकती हैं।

मैन्युफैक्चरिंग पर दांव

भारत मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देकर अपने ट्रेड बैलेंस को सुधारने की कोशिश कर रहा है। हालांकि रिपोर्ट मानती है कि यह प्रक्रिया तेज नहीं होगी। जब तक करंट अकाउंट लगातार घाटे में रहेगा, तब तक भारत विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) के अस्थिर इनफ्लो पर निर्भर बना रहेगा। इसका सीधा असर रुपये की चाल और पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ता है।

रुपये की गिरावट और FPI आउटफ्लो का कनेक्शन

एमके की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 12 महीनों में भारतीय रुपया करीब 5 प्रतिशत कमजोर हुआ है। यह तब हुआ है, जब इसी अवधि में डॉलर खुद कमजोर रहा। इसकी सबसे बड़ी वजह विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों का लगातार बाजार से पैसा निकालना है। रिपोर्ट बताती है कि 2018 में LTCG लागू होने के बाद से अब तक कुल FPI इनफ्लो सिर्फ 18 अरब डॉलर रहा है। इसके मुकाबले इससे पहले के आठ वर्षों में यह आंकड़ा करीब 100 अरब डॉलर था। यह फर्क अपने आप में टैक्स नीति के असर को दिखाता है।

LTCG पूरी तरह खत्म करने की दलील

एमके ग्लोबल का कहना है कि LTCG से सरकार को जो अतिरिक्त राजस्व मिलता है, वह रुपये को बचाने की लागत और महंगाई पर पड़ने वाले अप्रत्यक्ष असर के मुकाबले बेहद कम है। ऐसे में नीति स्तर पर ठोस और साहसिक कदम उठाने की जरूरत है। रिपोर्ट की सिफारिश है कि LTCG को पूरी तरह खत्म किया जाए। इसके साथ ही शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन टैक्स (STCG) को घटाकर 10 प्रतिशत किया जाए। यह बदलाव एक स्पष्ट और भरोसेमंद रोडमैप के तहत कम से कम पांच साल के लिए लागू किया जाना चाहिए।

टैक्स का सही समय कब आएगा

रिपोर्ट यह भी साफ करती है कि टैक्स हमेशा के लिए खत्म करने की बात नहीं हो रही है। बेहतर स्थिति यह होगी कि LTCG तभी लगाया जाए, जब भारत का ट्रेड बैलेंस मजबूत हो जाए और रुपया विदेशी निवेश के उतार-चढ़ाव के प्रति कम संवेदनशील बने। यानी पहले मजबूत आधार, फिर टैक्स।

मजबूत करेंसी से ही आती है समृद्धि

एमके की रिपोर्ट के मुताबिक, देश असल मायने में मजबूत करेंसी के दम पर ही अमीर बनते हैं। करेंसी की ताकत तेज रीयल ग्रोथ और हाई प्रोडक्टिविटी से आती है। जो देश ज्यादा उत्पादन करता है और कम खपत करता है, वह करंट अकाउंट सरप्लस (CAS) में रहता है। ऐसे देश हर साल विदेशी संपत्तियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाते हैं। यही असली संपत्ति और आय में बढ़ोतरी का संकेत है।

घाटे वाले देशों की चुनौती

इसके उलट, करंट अकाउंट घाटे वाला देश हर साल अपनी कुछ संपत्तियां कर्ज देने वालों को सौंपता जाता है। रिपोर्ट में अमेरिका का उदाहरण दिया गया है, जो आय के लिहाज से अमीर है, लेकिन संपत्ति के मामले में कमजोर माना जाता है। भारत की स्थिति फिलहाल इससे भी ज्यादा नाजुक है। भारत न तो आय के लिहाज से बहुत समृद्ध है और न ही संपत्ति के मामले में सशक्त।

कैपिटल फ्लो और करंट अकाउंट का रिश्ता

आमतौर पर विदेशी निवेश, चाहे वह FDI हो या FPI, करंट अकाउंट की स्थिति से जुड़ा होता है। कम महंगाई और तेज रीयल GDP ग्रोथ बेहतर करंट अकाउंट को दर्शाती है। इससे विदेशी निवेश आकर्षित होता है और करेंसी मजबूत होती है। हालांकि भारत में यह रिश्ता हाल के वर्षों में कमजोर दिखा है।

CAD कम, फिर भी रुपया कमजोर क्यों

पिछले कुछ वर्षों में भारत का CAD औसतन GDP का करीब 0.6 प्रतिशत रहा है, जो पिछले 15 साल में सबसे कम है। सेवा निर्यात और मैन्युफैक्चरिंग में सुधार हुआ है। अगर सोने के आयात को हटा दें, तो स्थिति और भी बेहतर दिखती है। इसके बावजूद रुपया कमजोर है। रिपोर्ट के मुताबिक इसकी वजह यह है कि रुपये की चाल अब कैपिटल इनफ्लो पर ज्यादा निर्भर हो गई है।

FPI की मौजूदा स्थिति

एमके का कहना है कि पिछले तीन साल में नेट FDI लगभग शून्य पर आ गया है। ग्रॉस FDI में हल्की गिरावट आई है। इसके पीछे विदेशी कंपनियों की रीपैट्रिएशन और भारतीय कंपनियों का विदेश में निवेश बड़ी वजह है। सबसे ज्यादा चिंता FPI आउटफ्लो को लेकर है। पिछले 22 महीनों में भारतीय शेयर बाजार से करीब 25 अरब डॉलर निकाले जा चुके हैं।

Leave a comment