Columbus

Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप की 'टीम 10' में सैन्य अधिकारी और न्यूज एंकर शामिल, दो महिलाओं को भी मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी कैबिनेट पर दुनिया की नजर है। टीम में अरबपति और करोड़पति हस्तियां शामिल हैं, जिनके पास भारी दौलत है।

America: डोनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के तुरंत बाद एक्शन मोड में आकर कई अहम फैसले लिए। इन फैसलों के बीच, उन्होंने अपनी राष्ट्रपति पद की टीम को भी सक्रिय कर दिया। ट्रंप ने अपने प्रशासन के लिए 10 खास व्यक्तियों की एक स्पेशल टीम तैयार की थी। ये 10 लोग विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, और अमेरिका का भविष्य इनकी रणनीतियों पर निर्भर करेगा। आइए जानते हैं, ट्रंप ने इन 10 सिपहसालारों को कौन सी जिम्मेदारी सौंपी है।

1. क्रिस्टी नोएम: गृह सुरक्षा मंत्री

क्रिस्टी नोएम, जिन्होंने साउथ डकोटा की गवर्नर के रूप में कार्य किया है, को ट्रंप ने गृह सुरक्षा मंत्री के पद पर नियुक्त किया। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने लॉकडाउन और मास्क अनिवार्यता के विरोध में अपने दृष्टिकोण को प्रकट किया था।

2. पीट हेगसेथ: रक्षा मंत्री

पूर्व यूएस आर्मी मेजर और फॉक्स न्यूज एंकर पीट हेगसेथ को ट्रंप ने देश का रक्षा मंत्री नियुक्त किया। वे अब पेंटागन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और अमेरिका की सुरक्षा मामलों की देखरेख कर रहे हैं।

3. एलन मस्क: डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट इफिशिएंसी

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क को ट्रंप ने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट इफिशिएंसी का कार्यभार सौंपा है। मस्क का मुख्य काम सरकार में नई तकनीकों को लागू करना और भविष्य के लिए प्रौद्योगिकी से जुड़े पहलुओं पर ध्यान देना होगा।

4. माइकल वाल्ज: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार

पूर्व सैन्य अधिकारी माइकल वाल्ज को ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया है। वे चीन के आलोचक के रूप में जाने जाते हैं और प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य तैयारियों को बढ़ाने पर जोर देंगे।

5. हावर्ड लुटनिक: वाणिज्य मंत्री

अरबपति हावर्ड लुटनिक को वाणिज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वे ट्रंप की टैरिफ नीति के प्रमुख समर्थक हैं और क्रिप्टोकरेंसी के समर्थक भी रहे हैं। वे बिटकॉइन के मुक्त व्यापार की भी वकालत करते हैं।

6. मार्को रुबियो: चीन के कट्टर आलोचक

मार्को रुबियो, पेशेवर वकील और चीन के कट्टर आलोचक, को विदेश नीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी गई है। वे साइबर अपराधों और जासूसी के मामलों में चीन को जिम्मेदार ठहराते हैं।

7. तुलसी गबार्ड: राष्ट्रीय खुफिया विभाग

तुलसी गबार्ड, जो एक सैन्य अधिकारी रह चुकी हैं, को राष्ट्रीय खुफिया विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वे अमेरिका में हिंदू समुदाय के मुद्दों को लेकर सक्रिय रही हैं और इराक व कुवैत में कार्य कर चुकी हैं।

8. काश पटेल: FBI के निदेशक

काश पटेल को FBI का निदेशक नियुक्त किया गया है। वे ट्रंप के वफादार समर्थक हैं और उनके पहले कार्यकाल में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

9. टॉम होमन: आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन

टॉम होमन को आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी का प्रमुख बनाया गया है। वे मैक्सिको बॉर्डर को सील करने और अवैध इमिग्रेशन के मामलों में अहम भूमिका निभाने वाले हैं।

10. रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर: स्वास्थ्य एवं मानव सेवा मंत्री

रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर को स्वास्थ्य एवं मानव सेवा मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है। वे एक वकील और पर्यावरणादी रहे हैं और अब अमेरिका में स्वास्थ्य नीतियों पर कार्य करेंगे।

ट्रंप कैबिनेट की दौलत: इतिहास की सबसे अमीर टीम

ट्रंप की कैबिनेट दौलत के मामले में इतिहास की सबसे अमीर टीम मानी जा रही है। इसमें शामिल 10 व्यक्तियों या उनके जीवनसाथियों के पास अरबों की संपत्ति है, जो उनकी प्रभावशाली भूमिकाओं को और मजबूत करती है।

Leave a comment