दोस्तों से बात करने पर टीचर ने स्टूडेंट को पिटा, स्टूडेंट हुआ बेहोश, आंख में भी लगी चोट

दोस्तों से बात करने पर टीचर ने स्टूडेंट को पिटा, स्टूडेंट हुआ बेहोश, आंख में भी लगी चोट
AI IMAGE

विवेक विहार स्थित रावत पब्लिक स्कूल में छात्र से अनुचित व्यवहार के आरोप में फिजिक्स टीचर के खिलाफ FIR दर्ज हुई। छात्र को आंख पर चोट लगी और वह बेहोश हुआ। पुलिस मेडिकल करवाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Jaipur: जयपुर के विवेक विहार इलाके में स्थित रावत पब्लिक सीनियर सैकंडरी स्कूल में 26 दिसंबर को एक नाबालिग छात्र से हिंसक व्यवहार का मामला सामने आया। छात्र सुबह करीब 10:30 बजे क्लास में दोस्तों से बातचीत कर रहा था। तभी फिजिक्स के टीचर जसवंत सिंह भड़क गए।

टीचर ने छात्रों के बीच में छात्र को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। पीटाई के दौरान छात्र की बायीं आंख पर डंडा लग गया। चोट इतनी गंभीर थी कि छात्र बेहोश होकर फर्श पर गिर गया। घटना के दौरान कुछ छात्र घबराकर वहां खड़े थे और तुरंत अपनी समझ से उसे संभालने लगे।

छात्र को अस्पताल भेजा गया

छात्र के बेहोश होने की सूचना प्रिंसिपल को दी गई। पिता का आरोप है कि प्रिंसिपल ने तुरंत मदद नहीं की और केवल एक टीचर को भेजकर छात्र को पास की सरकारी डिस्पेंसरी में भिजवाया।

छात्र वहां कुछ समय रहा और बाद में उसने अपने पिता को फोन किया। पिता मनोज कुमार तुरंत स्कूल पहुंचे, लेकिन उस समय पीटने वाला टीचर मौके पर मौजूद नहीं था। पिता ने बताया कि स्कूल प्रशासन ने घटना की जानकारी उन्हें स्वयं नहीं दी।

इसके बाद छात्र को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उसकी जांच की गई और डॉक्टरों ने रिपोर्ट तैयार की। परिवार का कहना है कि छात्र स्वस्थ था और उसे कोई पुरानी बीमारी नहीं थी।

पिता की शिकायत 

श्याम नगर थाना के ASI अजय सिंह ने बताया कि छात्र के पिता की शिकायत पर टीचर के खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई है। पीड़ित छात्र का मेडिकल भी करवा लिया गया है।

पुलिस अब छात्र, शिक्षक और स्कूल प्रशासन के सभी पक्षों से पूछताछ कर रही है। बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a comment