श्रीलीला ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एआई द्वारा बनाए गए डीपफेक को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि डीपफेक के जरिए महिलाओं की गरिमा को बहुत ठेस पहुंचाई जा रही है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित एक्ट्रेस श्रीलीला (Shreeleela) ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए एआई (AI) डीपफेक वीडियो के बढ़ते खतरे को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। श्रीलीला ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लोगों से भी अपील की कि वे ऐसे कंटेंट का समर्थन न करें।
एआई तकनीक का हो रहा गलत इस्तेमाल - श्रीलीला
श्रीलीला ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा,
'मैं हाथ जोड़कर हर सोशल मीडिया यूजर से रिक्वेस्ट करती हूं कि एआई से बनी बकवास को सपोर्ट न करें। टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने और उसका गलत इस्तेमाल करने में फर्क होता है। मेरी राय में टेक्नोलॉजी की तरक्की से जिंदगी आसान होनी चाहिए, ना कि मुश्किल।'
उनका यह बयान उस समय आया है, जब एआई तकनीक की मदद से महिलाओं के खिलाफ डीपफेक वीडियो और फर्जी क्लिप्स बनाना तेजी से बढ़ रहा है। श्रीलीला ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि यह केवल व्यक्तिगत अपमान नहीं है बल्कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर हमला है।

परेशान करने वाला मामला सामने आया
श्रीलीला ने अपने पोस्ट में डीपफेक के कारण हुई परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “हर लड़की किसी की बेटी, पोती, बहन, दोस्त या कोलीग होती है। फिर चाहे वह आर्ट के प्रोफेशन को चुने या फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बने। हमें उनके लिए ऐसा माहौल बनाना चाहिए जो सुरक्षित हो। मैं अपने शेड्यूल की वजह से ऑनलाइन चीजों पर नजर नहीं रख पाती, लेकिन मेरे शुभचिंतकों ने मुझे इसके बारे में बताया। मैं उनकी शुक्रगुजार हूं।”
श्रीलीला ने यह भी बताया कि उन्होंने हमेशा अपने काम और निजी जिंदगी को हल्के में लिया है, लेकिन एआई डीपफेक के मामले ने उन्हें और उनके साथी कलाकारों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि वह सभी की तरफ से आवाज उठा रही हैं और उम्मीद करती हैं कि लोग उनके साथ खड़े होंगे।
कार्रवाई की उम्मीद
पोस्ट में श्रीलीला ने यह भी स्पष्ट किया कि अब अथॉरिटीज (Authorities) इस मामले में कार्रवाई करेंगी। उनका कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और कानून प्रवर्तन संस्थाओं को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा, गरिमा और सम्मान के साथ-साथ अपने दर्शकों पर भरोसा रखते हुए, मैं रिक्वेस्ट करती हूं कि प्लीज हमारा साथ दीजिए। अब अथॉरिटीज आगे की कार्रवाई करेंगी।
श्रीलीला के पोस्ट के बाद उनके फैंस ने भी सोशल मीडिया पर समर्थन जताया है। कई यूजर्स ने कहा कि एआई डीपफेक वीडियो महिलाओं के लिए मानसिक और सामाजिक दबाव बढ़ा रहे हैं, और इसका जिम्मेदाराना तरीके से विरोध होना चाहिए। कई लोगों ने बताया कि यह तकनीक सिर्फ मनोरंजन या व्यूज़ के लिए नहीं बल्कि किसी की छवि खराब करने के लिए भी इस्तेमाल हो रही है।











