FIFA World Cup 2026: 50 करोड़ टिकट्स की डिमांड! सुरक्षा और महंगे दाम बने चिंता का कारण

FIFA World Cup 2026: 50 करोड़ टिकट्स की डिमांड! सुरक्षा और महंगे दाम बने चिंता का कारण

फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर दुनियाभर में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। फीफा के अनुसार, सिर्फ एक महीने में 500 मिलियन (50 करोड़) से अधिक टिकट रिक्वेस्ट दर्ज की गई हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) को लेकर दुनिया भर में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फुटबॉल के इस महाकुंभ के लिए टिकटों की मांग ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फीफा के अनुसार, सिर्फ एक महीने में 500 मिलियन यानी 50 करोड़ से अधिक टिकट रिक्वेस्ट दर्ज की गई हैं। यह आंकड़ा न सिर्फ फुटबॉल की वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि फैंस इस टूर्नामेंट को लेकर कितने उत्साहित हैं।

हालांकि, इस अभूतपूर्व उत्साह के साथ-साथ महंगे टिकट, सुरक्षा चिंताएं और अमेरिका में राजनीतिक अस्थिरता जैसे मुद्दे भी चर्चा में आ गए हैं, जिससे कई फैंस असमंजस में हैं।

फीफा अध्यक्ष का बयान: 'डिमांड उम्मीद से कहीं ज्यादा'

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैनटिनो ने टिकट रिक्वेस्ट को लेकर कहा,

'महज एक महीने में इतनी बड़ी संख्या में टिकटों की मांग आना सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि यह एक वैश्विक संदेश है। दुनिया आज भी फुटबॉल और विश्व कप से गहराई से जुड़ी हुई है।'

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सभी फैंस को स्टेडियम में जगह देना संभव नहीं होगा, जो फीफा के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। टिकट रिक्वेस्ट फीफा के सभी 211 सदस्य देशों से आई हैं। मेजबान देशों अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको को छोड़ दें, तो सबसे ज्यादा मांग जर्मनी, इंग्लैंड, ब्राज़ील, स्पेन, पुर्तगाल, अर्जेंटीना और कोलंबिया से देखने को मिली है।

किन मुकाबलों की टिकट्स सबसे ज्यादा डिमांड में?

फीफा के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा टिकट रिक्वेस्ट कोलंबिया बनाम पुर्तगाल (27 जून, मियामी) के मुकाबले के लिए आई हैं। इसके बाद:

  • मेक्सिको बनाम दक्षिण कोरिया (18 जून, गुआडालाजारा)
  • फाइनल मुकाबला (19 जुलाई, न्यू जर्सी)

इन हाई-प्रोफाइल मैचों को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। टिकट लॉटरी के नतीजों की घोषणा 5 फरवरी से पहले होने की संभावना नहीं है।

टिकट के दामों पर बढ़ा विवाद

जहां एक ओर टिकटों की मांग रिकॉर्ड स्तर पर है, वहीं दूसरी ओर कीमतों को लेकर विवाद भी गहराता जा रहा है। कई यूरोपीय फैन संगठनों ने आरोप लगाया है कि टिकट बेहद महंगे हैं। फुटबॉल सपोर्टर्स यूरोप (FSE) के अनुसार, फीफा वर्ल्ड कप 2026 के टिकट कतर 2022 की तुलना में लगभग पांच गुना महंगे हैं। आलोचनाओं के बाद फीफा ने दिसंबर में 60 डॉलर की एक लो-कॉस्ट टिकट कैटेगरी शुरू की, लेकिन कई फैंस का कहना है कि यह संख्या बेहद सीमित है।

उत्साह के बीच सबसे बड़ी चिंता सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है। अमेरिका में बढ़ते राजनीतिक तनाव, गोलीबारी की घटनाएं और कानून-व्यवस्था को लेकर आशंकाओं ने कई अंतरराष्ट्रीय फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग 16,800 फैंस ने टिकट प्रोसेस से खुद को बाहर कर लिया, जिनमें से कई ने सोशल मीडिया पर बॉयकॉट कैंपेन का समर्थन किया। विदेशी समर्थकों ने सुरक्षा, पुलिसिंग और संभावित अशांति को इसकी बड़ी वजह बताया है।

ऐतिहासिक होगा वर्ल्ड कप 2026, लेकिन चुनौतियां भी बड़ी

  • फीफा वर्ल्ड कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होगा।
  • पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी
  • पहली बार टूर्नामेंट तीन देशों (अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको) में आयोजित होगा

हालांकि, यूरोप, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई फैंस अब अपनी यात्रा योजनाओं पर दोबारा विचार कर रहे हैं। बढ़ती चिंताओं को देखते हुए फीफा ने इस सप्ताह आपात बैठक बुलाने का फैसला किया है। इसमें सुरक्षा प्रोटोकॉल, टिकट विड्रॉल, फैन मैनेजमेंट और टूर्नामेंट की वैश्विक छवि पर पड़ने वाले असर जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

Leave a comment