भारत के सबसे अमीर लोगों की नई तस्वीर सामने आ गई है। फोर्ब्स इंडिया रिच लिस्ट 2026 में गौतम अदाणी ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है।
बिजनेस न्यूज़: भारत के सबसे अमीर कारोबारियों की नई सूची सामने आ गई है। फोर्ब्स की 2026 की 100 सबसे अमीर भारतीयों की सूची में गौतम अदाणी और उनका परिवार शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। तीन साल तक दूसरे स्थान पर रहने के बाद अदाणी ने एक बार फिर भारत के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल किया है।
फोर्ब्स के आकलन के अनुसार, एक साल के दौरान अदाणी परिवार की कुल संपत्ति में 20.7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ उनकी अनुमानित नेटवर्थ बढ़कर 112.7 अरब डॉलर यानी करीब 10.81 लाख करोड़ रुपये हो गई। हालांकि, यह संपत्ति 2022 में दर्ज करीब 150 अरब डॉलर के शिखर से अभी भी कम है।
गौतम अदाणी सबसे अमीर भारतीय
2026 की Forbes India Rich List में गौतम अदाणी और उनका परिवार पहले स्थान पर हैं। अदाणी की संपत्ति में हुई तेज वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और रुपये में कमजोरी देखी गई। अदाणी समूह पिछले कुछ समय से अपने कारोबार को नए क्षेत्रों में विस्तार देने पर भी जोर दे रहा है।
समूह की भविष्य की योजनाओं में ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े निवेश शामिल हैं। AI इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े स्तर पर निवेश की संभावित योजना भी समूह की विस्तार रणनीति का हिस्सा बताई गई है।
मुकेश अंबानी दूसरे पायदान पर

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस बार भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनकी अनुमानित संपत्ति 86.3 अरब डॉलर है। पिछले आकलन की तुलना में अंबानी की नेटवर्थ में करीब 18.7 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर प्रदर्शन और खासतौर पर रिटेल कारोबार में मार्जिन से जुड़ी चुनौतियों का असर उनकी संपत्ति के मूल्यांकन पर पड़ा।
रिलायंस की डिजिटल और टेलीकॉम इकाई Jio Platforms भी निवेशकों की नजर में है। कंपनी के संभावित IPO को लेकर बाजार में काफी चर्चा है। इसके सार्वजनिक होने पर यह भारत के बड़े पब्लिक इश्यू में शामिल हो सकता है।
सावित्री जिंदल बनीं सबसे अमीर भारतीय महिला
फोर्ब्स की सूची में सावित्री जिंदल और उनका परिवार तीसरे स्थान पर हैं। उनकी अनुमानित संपत्ति 39.8 अरब डॉलर है। इसके साथ सावित्री जिंदल भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं। स्टील उद्योग के प्रमुख कारोबारी लक्ष्मी मित्तल 34.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। उनकी नेटवर्थ में एक साल में करीब 74 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
वहीं सुनील मित्तल और उनका परिवार 32.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इस तरह टॉप-5 में इंफ्रास्ट्रक्चर, टेलीकॉम, स्टील और विविध कारोबार से जुड़े उद्योगपति शामिल हैं।
Forbes Top 10 में कौन-कौन?
|
रैंक |
नाम |
कुल संपत्ति |
|
1 |
गौतम अदाणी |
$112.7 बिलियन |
|
2 |
मुकेश अंबानी |
$86.3 बिलियन |
|
3 |
सावित्री जिंदल |
$39.8 बिलियन |
|
4 |
लक्ष्मी मित्तल |
$34.7 बिलियन |
|
5 |
सुनील मित्तल और परिवार |
$32.9 बिलियन |
|
6 |
साइरस पूनावाला |
$28.4 बिलियन |
|
7 |
शिव नाडर |
$27.4 बिलियन |
|
8 |
दिलीप सांघवी |
$26.3 बिलियन |
|
9 |
कुमार मंगलम बिड़ला |
$23.2 बिलियन |
|
10 |
हिंदुजा परिवार |
$21.2 बिलियन |
2026 की सूची में भारत के शीर्ष अमीरों में अलग-अलग कारोबारी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व देखने को मिलता है। प्रमुख नामों में अदाणी, अंबानी, सावित्री जिंदल, लक्ष्मी मित्तल और सुनील मित्तल के अलावा टेक्नोलॉजी, आईटी, फार्मा और अन्य उद्योगों से जुड़े अरबपति शामिल हैं। फोर्ब्स की सूची यह भी बताती है कि भारतीय अरबपतियों की संपत्ति पर शेयर बाजार की चाल, मुद्रा विनिमय दर, कारोबारी प्रदर्शन और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों का सीधा प्रभाव पड़ता है।
इस साल की सूची में एक महत्वपूर्ण बदलाव यह भी है कि आधे से अधिक अरबपतियों की संपत्ति में कमी दर्ज की गई। खासकर AI आधारित ऑटोमेशन के बढ़ते प्रभाव ने IT और सॉफ्टवेयर सर्विसेज क्षेत्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी की हैं। इसका असर कुछ प्रमुख टेक अरबपतियों की संपत्ति पर भी दिखाई दिया। शिव नाडर, अजीम प्रेमजी और एन.आर. नारायण मूर्ति जैसे कारोबारी इस साल संपत्ति में गिरावट दर्ज करने वाले प्रमुख नामों में शामिल रहे।











