घटना गौरेला थाना क्षेत्र में सुलभ शौचालय परिसर की है। शराब पीने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
Madhya Pradesh: गौरेला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शंकर पांडेय नामक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी शमा शर्मा और नाबालिग बेटी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। यह घटना एडिशनल एसपी बंगले के सामने स्थित सुलभ शौचालय परिसर में हुई, जहां परिवार अस्थायी रूप से रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को शंकर शराब पीकर घर पहुंचा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने पेट्रोल डालकर दोनों को आग के हवाले कर दिया। आग लगने से वहां रखा घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने बचाई जान
![]()
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसी मां-बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि दंपति मूल रूप से बुढार क्षेत्र के रहने वाले हैं और पेंड्रा में सुलभ शौचालय के केयरटेकर के रूप में काम करते थे। परिवार वहीं परिसर में अस्थायी रूप से रह रहा था।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों को काफी गंभीर जलन हुई है। जिला अस्पताल में बर्न यूनिट की सुविधा नहीं होने के कारण उनका इलाज इनपेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) में किया जा रहा है।
आरोपी फरार
घटना की सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई है। अस्पताल की ओर से मेडिकल मेमो थाने को भेज दिया गया है। हालांकि अभी तक औपचारिक रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस फरार आरोपी शंकर पांडेय की तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति की शराब की लत को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।











