उत्तर प्रदेश स्थित गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी (DM) मेधा रुपम ने अचानक अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स फेसबुक, इंस्टाग्राम और X (पूर्व में ट्विटर) को डिएक्टिवेट कर दिया है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रुपम ने सोशल मीडिया अकाउंट्स फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम डिएक्टिवेट कर दिए हैं। यह कदम उन्होंने लगातार हो रही ट्रोलिंग के चलते उठाया। सोशल मीडिया पर मेधा रुपम तब विवादों में आईं जब उनके पिता और भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, RJD समेत अन्य विपक्षी दलों द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रेस वार्ता की। इसके बाद सोशल मीडिया पर मेधा रुपम के साथ-साथ उनके दामाद और सहारनपुर के जिलाधिकारी मनीष बंसल को भी ट्रोल किया जाने लगा।
सोशल मीडिया ट्रोलिंग बनी वजह
जानकारी के अनुसार, मेधा रुपम के सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद करने का निर्णय गत सप्ताह से हो रही लगातार ट्रोलिंग के चलते लिया गया। यह ट्रोलिंग उस समय शुरू हुई जब उनके पिता और भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विपक्षी दलों के आरोपों पर एक प्रेस वार्ता की। ज्ञानेश कुमार की प्रेस वार्ता के बाद सोशल मीडिया पर मेधा रुपम और उनके पति, सहारनपुर के जिलाधिकारी मनीष बंसल, दोनों को निशाना बनाया गया। नेटिज़न्स ने उनकी पोस्टिंग, पारिवारिक संबंध और प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाए।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने यहां तक लिखा कि मेधा रुपम को नोएडा में दो बार पोस्टिंग कैसे मिली। गौरतलब है कि गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी नियुक्त होने से पहले, मेधा रुपम 2023-2024 तक ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में सीईओ (CEO) के पद पर कार्यरत थीं।
मेधा रुपम और उनके पति की पोस्टिंग
वर्ष 2014 बैच की आईएएस अधिकारी मेधा रुपम को उत्तर प्रदेश सरकार ने 28 जुलाई 2025 को गौतमबुद्धनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया था। वहीं उनके पति मनीष बंसल को इसी साल 25 जून 2025 को सहारनपुर का जिलाधिकारी बनाया गया था। दोनों की प्रशासनिक जिम्मेदारियां और सार्वजनिक पोस्टिंग सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई, जिससे ट्रोलिंग की स्थिति और बढ़ गई।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बढ़ते दबाव और मानसिक तनाव के चलते, मेधा रुपम ने अपने फेसबुक, इंस्टाग्राम और X अकाउंट्स को डिएक्टिवेट कर दिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन भविष्य में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हिन्दुस्तान अखबार के अनुसार, मेधा रुपम ने कहा:अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की है, लेकिन भविष्य में निश्चित तौर पर शिकायत करके कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।