Geeta Kapoor जल्द ही 6 जून से शुरू होने वाले रियलिटी शो ‘India’s Best Dancer Season 5’ में बतौर जज नजर आने वाली हैं। शो की शुरुआत से पहले दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने नए सीजन, रियलिटी शोज में आए बदलाव और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर खुलकर बात की।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: जानी-मानी कोरियोग्राफर और टेलीविजन रियलिटी शो जज Geeta Kapur ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और बदलते दर्शक व्यवहार पर अपनी खुलकर राय रखी है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में दर्शकों का ध्यान (attention span) पहले की तुलना में काफी कम हो गया है, जिससे रियलिटी शोज और परफॉर्मेंस आधारित कंटेंट पर बड़ा असर पड़ा है। गीता कपूर जल्द ही 6 जून से शुरू होने वाले शो इंडियाज़ बेस्ट डांसर 5 में जज के रूप में नजर आएंगी।
“लोग जल्दी बोर हो जाते हैं” — गीता कपूर
Geeta Kapur ने कहा कि सोशल मीडिया ने मनोरंजन देखने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने बताया कि आज दर्शक कुछ ही सेकंड या मिनट में कंटेंट को जज कर लेते हैं और जल्दी बोर हो जाते हैं। उन्होंने कहा, “पहले लोग 3–4 मिनट की परफॉर्मेंस को ध्यान से देखते थे, लेकिन अब लोग तुरंत कहते हैं कि ये देख लिया, अब कुछ और देखते हैं।”
उनके अनुसार, शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट की आदत ने दर्शकों की धैर्य क्षमता को कम कर दिया है। गीता कपूर ने माना कि सोशल मीडिया ने मनोरंजन उद्योग को बहुत प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि आज हर चीज तुरंत वायरल होती है और उतनी ही जल्दी लोग उसे भूल भी जाते हैं। उनका कहना था कि इस बदलाव के कारण रियलिटी शोज को भी दर्शकों का ध्यान बनाए रखने के लिए लगातार नए प्रयोग करने पड़ते हैं।
“रियलिटी शोज स्क्रिप्टेड नहीं होते”

रियलिटी शोज को लेकर अक्सर उठने वाले सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह धारणा गलत है कि शो पूरी तरह स्क्रिप्टेड होते हैं। उन्होंने कहा कि शो में भावनाएं, रिएक्शन और परफॉर्मेंस असली होते हैं, हालांकि एडिटिंग के जरिए उन्हें बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने साफ कहा, “अगर जज हंसते हैं या इमोशनल हो जाते हैं, तो लोग उसे भी फेक कह देते हैं, लेकिन हम इतने पागल नहीं हैं कि हर चीज एक्ट करें।”
Geeta Kapur ने नई पीढ़ी को लेकर भी अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ग्लोबल ट्रेंड्स से प्रभावित है, लेकिन उन्हें अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड डांस और भारतीय संगीत में जो असली सुंदरता है, उसे फिर से पहचानने की जरूरत है।
‘इंडियाज़ बेस्ट डांसर 5’ में नए बदलाव
गीता कपूर ने बताया कि इस बार शो में कई बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सीजन में रीमिक्स गानों की बजाय ओरिजिनल म्यूजिक पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दर्शक अब असली बॉलीवुड डांस का अनुभव देखेंगे, जिसमें भारतीय स्टाइल और भावनाओं को अधिक महत्व दिया गया है। नए सीजन में जज के रूप में शामिल हुए Javed Jaffrey के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए गीता कपूर ने बताया कि वे करीब 35 साल पहले उनके साथ काम कर चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि उनके साथ दोबारा काम करना उनके लिए एक खास और यादगार अनुभव है। जावेद जाफरी के पास डांस और फिल्ममेकिंग का गहरा अनुभव है, जो शो में नई ऊर्जा लेकर आएगा।









