पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर हमला करते हुए अमर्यादित टिप्पणी कर दी है। उनके इस बयान ने सियासी गलियारे में हड़कंप मचा दिया है और विवाद बढ़ने की संभावना है।
Pappu Yadav Controversial Statement: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर एक विवादित और अमर्यादित टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया पर तूफान खड़ा कर दिया है। सोमवार, 12 जनवरी 2026 को अपने X (पूर्व Twitter) हैंडल पर पप्पू यादव ने गिरिराज सिंह को लेकर लिखा, “गिरिराज सिंह का नाम आज से सुअर सिंह किया जाता है। काम न धाम बस कीचड़ में लोटना है इनका काम। का हो सुअर सिंह। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में सियासी हलचल तेज हो गई है और विपक्ष एवं समर्थक दोनों ही पक्षों ने प्रतिक्रिया देना शुरू कर दी है।
पप्पू यादव ने किन कारणों से भड़ास निकाली?
सांसद पप्पू यादव ने अपने पोस्ट में स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने यह टिप्पणी किस विशेष बात या बयान के कारण की है। हालांकि, माना जा रहा है कि यह भड़ास गिरिराज सिंह के हालिया बयानबाजी से जुड़ी हो सकती है। गिरिराज सिंह ने हाल ही में बेगूसराय में महागठबंधन और कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा था, “महागठबंधन है कहां? चुनाव के समय राहुल गांधी के आसपास सब सट जाते हैं, बाद में कोई नहीं रहता। सब संतरे की तरह बिखरे हुए हैं।”
वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर उन्होंने कहा था, “बंगाल का एक-एक व्यक्ति उन्हें संविधान विरोधी बता रहा है। आज तक कहीं देखा गया है कि कोई मुख्यमंत्री ईडी के हाथों से कागजात छीनकर बाहर आए और कहे कि ये गुप्त दस्तावेज थे। अगर गुप्त थे तो क्या वह पार्टी दफ्तर था? इन बयानों की आलोचना करते हुए पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर गिरिराज सिंह पर तीखा हमला किया है।

सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद
पप्पू यादव के विवादित ट्वीट के बाद यूजर्स ने उन्हें ही टारगेट करना शुरू कर दिया। एक यूजर रितेश राय ने लिखा, “ये है एक नेता जी की भाषा। देख रहे हो विनोद, ये नेता जी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं और अपने ही राज्य के नेता का क्या नाम बोल रहे हैं! दूसरे यूजर्स ने भी पप्पू यादव की भाषा और उनके अमर्यादित शब्दों की आलोचना की है। वहीं, कुछ समर्थक उनकी प्रतिक्रिया को गिरिराज सिंह के विवादित बयानों के प्रति जवाब के रूप में सही ठहरा रहे हैं।
इस ट्वीट के बाद बिहार और राष्ट्रीय राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इस टिप्पणी के कारण बीजेपी और कांग्रेस के बीच, साथ ही अन्य गठबंधन दलों में बहस का माहौल बनने वाला है। राजनीतिक विश्लेषक कहते हैं कि इस तरह के विवादित बयान अक्सर चुनावी माहौल को और गर्मा सकते हैं, खासकर नगर निगम और विधानसभा चुनावों के समय।
बीते वर्षों में गिरिराज सिंह अक्सर कांग्रेस और ममता बनर्जी के खिलाफ तीखे बयान देते रहे हैं। पप्पू यादव का यह पोस्ट इस ट्रेंड को चुनौती देता प्रतीत होता है।











