दिवाली के बाद गिरावट में चल रहा सोना अब फिर तेजी में है। चीन द्वारा लगातार गोल्ड खरीद, डॉलर की कमजोरी और फेड रेट कट की उम्मीद से कीमतों में उछाल आया है। भारत में 24 कैरेट सोना 124,147 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड कर रहा है।
Gold Price Hike: दिवाली के बाद से सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी जा रही थी। अक्टूबर 2025 में 10 ग्राम सोने की कीमत 1,32,000 रुपये तक पहुंच गई थी। दिवाली बीतने के बाद इसमें लगातार करेक्शन हुआ और पिछले कुछ दिनों में सोना करीब 1,20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड कर रहा था। लेकिन 10 नवंबर, सोमवार को सोने में अचानक तेज उछाल देखने को मिला। चांदी में भी कल तेज तेजी दर्ज की गई। इस तेजी को लोग शादी के सीजन की बढ़ती मांग से जोड़ रहे हैं, लेकिन इसके पीछे कुछ और बड़े कारण भी हैं।
क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत
अमेरिका में होने वाला शटडाउन जल्द खत्म होने की संभावना से डॉलर कमजोर हुआ है। साथ ही अगले महीने फेड रेट कट की उम्मीद ने सोने को सपोर्ट दिया है। दूसरी ओर चीन के केंद्रीय बैंक PBOC ने अक्टूबर में लगातार 12वें महीने गोल्ड खरीदा है। इन सभी अंतरराष्ट्रीय कारकों के चलते सोने में तेजी देखी जा रही है।
आगे कितनी बढ़ सकती है कीमत
यूएस सरकार का शटडाउन खत्म होने के बाद निवेशकों का ध्यान दोबारा फेड रेट निर्णय पर जा सकता है। आने वाले समय में अमेरिकी आर्थिक आंकड़े धीमी गति दिखा सकते हैं। साथ ही चीन की ओर से सोने की बढ़ती मांग और महंगाई के कारण सोने की कीमत को सपोर्ट मिल सकता है।
कब खरीदें सोना
सोना बढ़ते भाव में खरीदना फायदेमंद नहीं माना जाता। सोने को खरीदने का सबसे बेहतर समय तब होता है जब इसके भाव में गिरावट हो। गिरावट के समय कम कीमत पर अधिक यूनिट खरीदकर भविष्य की बढ़ती कीमतों से फायदा लिया जा सकता है।
आज का सोने का भाव
IBJA के अनुसार 11 नवंबर को भारत में 24 कैरेट सोने की कीमत 124,147 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत 113,719 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोने की कीमत 93,110 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
MCX और COMEX में सोने का रेट
MCX में दोपहर 12 बजे के आसपास 24 कैरेट सोने की कीमत 124,743 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। इसमें 773 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़त देखी गई है। अब तक 124,505 रुपये लो और 125,839 रुपये हाई का रिकॉर्ड बना है।
COMEX में सोना 4,142 रुपये प्रति आउंस है, जिसे भारतीय रुपये में देखें तो 129,631 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब है।












