Gold Silver Rate: सोना-चांदी ने बदला रुख, भारी गिरावट के बाद रेट में आई तेजी

Gold Silver Rate: सोना-चांदी ने बदला रुख, भारी गिरावट के बाद रेट में आई तेजी

MCX पर सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। सोना करीब 3000 रुपये महंगा हुआ जबकि चांदी लगभग 15000 रुपये प्रति किलो चढ़ी, हालांकि दोनों अब भी रिकॉर्ड स्तर से नीचे हैं।

Gold-Silver Rate: सोना चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेज हलचल देखने को मिल रही है। बीते कुछ दिनों की भारी गिरावट के बाद सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को दोनों कीमती धातुओं ने जोरदार वापसी की है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर खुलते ही सोने में करीब 3000 रुपये का उछाल देखने को मिला, जबकि चांदी एक झटके में लगभग 15000 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई।

हालांकि यह तेजी निवेशकों के लिए राहत लेकर आई है, लेकिन इसके बावजूद सोना और चांदी अपने जनवरी महीने के ऑल टाइम हाई लेवल से अब भी काफी नीचे ट्रेड कर रहे हैं। यही वजह है कि बाजार में यह चर्चा तेज है कि क्या यह तेजी आगे भी जारी रहेगी या फिर यह सिर्फ एक तकनीकी रिकवरी है।

हालिया गिरावट के बाद लौटी तेजी

पिछले कुछ दिनों में सोना चांदी की कीमतों में तेज क्रैश देखने को मिला था। निवेशकों के बीच मुनाफावसूली और ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेतों के चलते दोनों धातुएं अपने रिकॉर्ड स्तर से तेजी से फिसल गई थीं।

अब सोमवार को जैसे ही बाजार खुले, वैसे ही गोल्ड सिल्वर रेट्स में तेज उछाल देखने को मिला। यह तेजी बताती है कि निचले स्तरों पर खरीदार फिर से सक्रिय हो गए हैं। कई निवेशक इसे सस्ती कीमतों पर खरीदारी का मौका मान रहे हैं।

चांदी ने ओपनिंग में चौंकाया

सोमवार को MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी की कीमत ने खुलते ही निवेशकों को चौंका दिया। पिछले बंद भाव 2,49,892 रुपये प्रति किलो की तुलना में यह सीधे 2,64,885 रुपये के स्तर पर पहुंच गई। इसका मतलब है कि एक ही झटके में चांदी करीब 14,993 रुपये महंगी हो गई।

इतनी बड़ी छलांग के बाद भी अगर चांदी के रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें, तो यह अब भी काफी सस्ती बनी हुई है। यही वजह है कि बाजार में इसे लेकर मिली जुली राय देखने को मिल रही है।

जनवरी का रिकॉर्ड अभी भी दूर

चांदी ने 29 जनवरी को इतिहास रच दिया था। उस दिन चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची थी। MCX पर इसका लाइफ टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था।

इसके बाद चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिली। कुछ ही दिनों में यह फिसलकर करीब 2.25 लाख रुपये प्रति किलो तक आ गई। इस तेज गिरावट ने कई निवेशकों को चौंका दिया था।

अब भले ही चांदी में 15000 रुपये की तेजी आई हो, लेकिन रिकॉर्ड हाई से तुलना करें तो यह अब भी करीब 1,55,000 रुपये से ज्यादा सस्ती चल रही है। इससे साफ है कि मौजूदा तेजी के बावजूद चांदी ने अभी लंबा सफर तय करना है।

सोने ने भी दिखाई मजबूती

चांदी के साथ साथ सोने की कीमतों में भी सोमवार को तेज उछाल देखने को मिला। MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना खुलते ही करीब 3000 रुपये महंगा हो गया।

शुक्रवार को सोना 1,55,451 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। सोमवार को ओपनिंग के साथ ही यह उछलकर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इस तरह सोने में 3,049 रुपये की तेजी दर्ज की गई।

सोना भी हाई से काफी नीचे

भले ही सोने की कीमत में अचानक उछाल आया हो, लेकिन यह अपने ऑल टाइम हाई से अब भी काफी सस्ता मिल रहा है। रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो मौजूदा भाव में सोना करीब 34,500 रुपये से ज्यादा नीचे है।

इसका मतलब यह है कि जो निवेशक जनवरी में ऊंचे स्तर पर फंसे थे, उन्हें अभी भी पूरी रिकवरी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

Leave a comment