गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद की सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है, सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कड़ाके की ठंड के बीच फरियादियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, आवास, भूमि विवाद और अन्य समस्याओं से जुड़ी अर्जियां लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का समाधान है और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। जनता दर्शन के माध्यम से शासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे त्वरित समाधान संभव हो रहा है।












