भारत के प्रमुख खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज से आराम दिया जा सकता है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों खिलाड़ियों को सीरीज से आराम देने का फैसला लिया जा सकता है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जनवरी 2026 में खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के दो अहम खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या इस वनडे सीरीज में नजर नहीं आ सकते हैं। हालांकि, यह फैसला किसी चोट या फॉर्म की वजह से नहीं, बल्कि लॉन्ग टर्म प्लानिंग और 2026 टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी को ध्यान में रखकर लिया जा सकता है।
बुमराह और हार्दिक को क्यों दिया जा सकता है आराम?
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, टीम मैनेजमेंट वर्कलोड मैनेजमेंट को प्राथमिकता देते हुए जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम देने पर विचार कर रहा है। दोनों खिलाड़ी भारत की टी20 टीम के अहम स्तंभ हैं और 2026 टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए उन्हें तरोताजा रखना जरूरी माना जा रहा है।
हालांकि राहत की बात यह है कि दोनों खिलाड़ी टी20 इंटरनेशनल सीरीज का हिस्सा होंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ यह टी20 सीरीज वर्ल्ड कप से पहले भारत की आखिरी टी20 इंटरनेशनल सीरीज मानी जा रही है, ऐसे में बुमराह और हार्दिक का इसमें खेलना लगभग तय है।
लंबे समय से वनडे क्रिकेट से दूर हैं दोनों खिलाड़ी

अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो हार्दिक पांड्या ने मार्च में चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद कोई वनडे मैच नहीं खेला है। वहीं, जसप्रीत बुमराह 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद से इस फॉर्मेट में नजर नहीं आए हैं। ऐसे में चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट वनडे की बजाय टी20 फॉर्मेट पर ज्यादा फोकस करते दिख रहे हैं, खासकर जब लक्ष्य 2026 टी20 वर्ल्ड कप हो।
इस बीच टीम इंडिया के लिए एक और अहम खबर यह है कि श्रेयस अय्यर की वनडे टीम में वापसी संभव मानी जा रही है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के सचिव उन्मेष खानविलकर ने संकेत दिए हैं कि श्रेयस अय्यर से उनकी उपलब्धता को लेकर बातचीत की जाएगी। श्रेयस अय्यर फिलहाल विजय हजारे ट्रॉफी 2025 के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। अगर वह पूरी तरह फिट घोषित होते हैं, तो मुंबई के लिए 3 और 6 जनवरी को होने वाले मुकाबलों में खेलते नजर आ सकते हैं।
IND vs NZ ODI Series 2026: पूरा शेड्यूल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का शेड्यूल इस प्रकार है:
- पहला वनडे: 11 जनवरी 2026 – वडोदरा
- दूसरा वनडे: 14 जनवरी 2026 – राजकोट
- तीसरा वनडे: 18 जनवरी 2026 – इंदौर











