गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र में एक युवक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक मोबाइल पर फोन कॉल आने के बाद घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह उसका शव जोगिया कोल कटाई–टीकर मार्ग के पास गेहूं के खेत में पड़ा मिला।
मृतक की पहचान कुआवल कला निवासी 35 वर्षीय विशाल यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात विशाल के मोबाइल पर कॉल आई थी, जिसके बाद वह घर से बाहर गया था। देर रात तक न लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
सुबह खेत में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल की स्थिति भी संघर्ष की ओर इशारा कर रही है।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कॉल डिटेल सहित अन्य बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।











