गोवा में आज से 56वां IFFI 2025 शुरू, 81 देशों की 240 से अधिक फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग

गोवा में आज से 56वां IFFI 2025 शुरू हो गया है, जिसमें 81 देशों की 240 से अधिक फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। जानें फेस्टिवल की खास बातें, उद्घाटन और प्रमुख आकर्षण।
गोवा में आज से 56वां IFFI 2025 शुरू, 81 देशों की 240 से अधिक फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग

आज, 20 नवंबर 2025 से गोवा में 56वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (IFFI 2025) अपने भव्य आयोजन के साथ शुरू हो रहा है। यह फेस्टिवल फिल्म प्रेमियों के लिए साल का सबसे बड़ा उत्सव माना जाता है, जहां दुनियाभर की फिल्मों का जादू देखने को मिलता है। 

IFFI 2025: 56वां अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (IFFI 2025) आज से गोवा में शुरू हो गया है। हर साल की तरह इस बार भी दर्शकों में इसका खास उत्साह देखा जा रहा है। सिनेमा प्रेमियों के लिए यह फेस्टिवल किसी महाकुंभ से कम नहीं, क्योंकि यहां दुनिया भर की बेहतरीन और प्रतिष्ठित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है।

इस साल भी फेस्टिवल की लाइन-अप में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई फिल्में, चर्चित डॉक्यूमेंट्रीज़, क्लासिक री-रिस्टोर टाइटल्स और नई उभरती प्रतिभाओं की फ़िल्में शामिल हैं। दर्शक विभिन्न देशों के सिनेमा, संस्कृति और कहानी कहने की शैली का अनुभव कर सकेंगे।

वेव्स फिल्म बाजार का उद्घाटन

IFFI 2025 का वेव्स फिल्म बाजार का आज सुबह 11 बजे उद्घाटन हुआ। इसका उद्घाटन सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने किया। इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू भी उपस्थित रहे। गोवा के मुख्यमंत्री ने बुधवार को ही आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और सुनिश्चित किया कि फेस्टिवल के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।

अनुपम खेर की तीन फिल्में होंगी प्रदर्शित

इस साल IFFI में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर की तीन फिल्में प्रदर्शित होंगी। ये फिल्में हैं:

गोवा में आज से 56वां IFFI 2025 शुरू, 81 देशों की 240 से अधिक फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग

  • तन्वी द ग्रेट – होम प्रोडक्शन और भारतीय पैनोरमा सेक्शन में शामिल।
  • द बंगाल फाइल्स – विवेक अग्निहोत्री निर्देशित, भारतीय पैनोरमा सेक्शन में प्रदर्शित।
  • कैलोरी – कनाडाई फिल्म, इंडो-कैनेडियन फिल्ममेकर ईशा मरजारा द्वारा लिखित और निर्देशित, अंतर्राष्ट्रीय सेक्शन में शामिल।

अनुपम खेर ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, “यह मेरे करियर के लिए एक अहम पड़ाव है। मुझे अपने 41 वर्षों के फिल्मी सफर में पहली बार तीन फिल्मों के प्रदर्शनी का अवसर मिला है। यह अनुभव वास्तव में सम्मानजनक और उत्साहवर्धक है।”

अनुपम खेर की मास्टर क्लास

IFFI 2025 के दौरान अनुपम खेर एक मास्टर क्लास भी आयोजित करेंगे। इसका विषय है: “हार मानना कोई विकल्प नहीं है”। अभिनेता ने कहा, “बहुत कम अभिनेताओं को ऐसे अंतर्राष्ट्रीय समारोह में अपनी कला और अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है। यह मेरे 41 वर्षों और 549 फिल्मों के करियर का एक यादगार क्षण है।

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर भी साझा पोस्ट में लिखा, “फिल्मों के इस वैश्विक महाकुंभ में मैं दर्शकों और युवा कलाकारों के साथ अपनी सीख साझा करने के लिए बेहद उत्साहित हूं। गोवा में मिलने का इंतजार है।

फेस्टिवल की प्रमुख बातें

  • समय और अवधि: 20 से 28 नवंबर 2025 तक
  • फिल्मों की संख्या: 240+ फिल्मों की स्क्रीनिंग
  • शामिल देश: 81 देशों से फिल्में
  • विशेष प्रीमियर: 13 वर्ल्ड प्रीमियर, 4 इंटरनेशनल प्रीमियर, 46 एशियन प्रीमियर
  • स्थान: गोवा, विभिन्न प्रमुख सिनेमाघर और फेस्टिवल स्थल

IFFI का यह संस्करण केवल फिल्मों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। यह एक ऐसा मंच है जहाँ फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों के बीच अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग और सहयोग का अवसर भी मिलता है।

Leave a comment