महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन में खटपट बढ़ गई है। शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अमित शाह से मुलाकात कर कहा कि कुछ नेता स्थानीय निकाय चुनावों से पहले गठबंधन के माहौल को बिगाड़ रहे हैं।
Mumbai: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल देखने को मिल रही है। राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के घटक दलों के बीच खटपट की खबरें सामने आई हैं। इस बीच शिवसेना प्रमुख और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिल्ली जाकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, शिंदे ने अमित शाह से कहा कि महायुति के कुछ नेता राजनीतिक माहौल खराब कर रहे हैं, जिससे आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?
सूत्रों के अनुसार, एकनाथ शिंदे ने अमित शाह को बताया कि कुछ महायुति नेता स्थानीय निकाय चुनावों से पहले गठबंधन के लिए अनुकूल राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विपक्ष को लाभ मिल सकता है और गठबंधन की जीत पर असर पड़ सकता है। शिंदे ने आगे कहा कि मीडिया में अनावश्यक और भ्रामक खबरें फैल रही हैं, जिससे जनता में भ्रम पैदा हो रहा है और पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भी असमंजस पैदा हो रहा है।
![]()
क्यों उभरा विवाद?
जानकारी के अनुसार, यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में शिवसेना के अधिकांश मंत्री शामिल नहीं हुए थे। केवल एकनाथ शिंदे ही बैठक में उपस्थित थे। सूत्रों ने बताया कि भाजपा द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों से पहले शिवसेना के नेताओं को अपने पाले में शामिल करने की कोशिश के विरोध में अन्य शिवसेना मंत्री बैठक में नहीं पहुंचे थे। इसको लेकर मीडिया से बातचीत में शिंदे ने कहा था कि महायुति के सहयोगी दल एक-दूसरे के नेताओं को पार्टी में शामिल करने से बचेंगे।
महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन की स्थिति
महाराष्ट्र में सत्तारुढ़ महायुति गठबंधन में भाजपा, शिवसेना (एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में) और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल हैं। गठबंधन के भीतर लगातार मतभेद और राजनीतिक तनाव देखने को मिल रहे हैं। विशेष रूप से स्थानीय निकाय चुनावों से पहले यह विवाद और गंभीर हो गया है।











