हरियाणा में 1107 निजी स्कूल ब्लैकलिस्ट, RTE नियमों के उल्लंघन पर मान्यता पर कार्रवाई

हरियाणा सरकार ने RTE नियमों के उल्लंघन और मान्यता दस्तावेज जमा न करने पर 1107 निजी स्कूलों को ब्लैकलिस्ट कर नए दाखिलों पर रोक लगा दी है।

हरियाणा सरकार ने मान्यता संबंधी दस्तावेज जमा न करने और आरटीई नियमों का पालन नहीं करने पर 1107 निजी स्कूलों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इन स्कूलों के नए दाखिले रोक दिए गए हैं और आगे बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

हिसार: हरियाणा हरियाणा में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1107 निजी स्कूलों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। विभाग के अनुसार इन स्कूलों ने मान्यता संबंधी आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए और शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का पालन भी नहीं किया। अब इन स्कूलों में नए दाखिलों पर रोक लगा दी गई है।

दस्तावेज नहीं देने पर हुई बड़ी कार्रवाई

हरियाणा सरकार ने निजी स्कूलों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 22 जिलों में संचालित 1107 निजी स्कूलों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। शिक्षा विभाग के अनुसार इन संस्थानों को कई बार नोटिस जारी कर मान्यता से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने और आरटीई के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए और कई स्कूल तय मानकों को पूरा नहीं कर सके।

हरियाणा में 1107 निजी स्कूल ब्लैकलिस्ट, RTE नियमों के उल्लंघन पर मान्यता पर कार्रवाई

शिक्षा निदेशालय ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इन स्कूलों को ब्लैकलिस्ट करने के साथ-साथ नए विद्यार्थियों के प्रवेश की अनुमति भी समाप्त कर दी गई है। विभाग अब अगले चरण में इन स्कूलों के संचालन पर रोक लगाने की प्रक्रिया भी शुरू करेगा।

कैथल, गुरुग्राम और हिसार में सबसे अधिक कार्रवाई

शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई कैथल जिले में हुई, जहां 162 निजी स्कूल ब्लैकलिस्ट किए गए हैं। इसके बाद गुरुग्राम में 99 और हिसार में 98 स्कूलों पर कार्रवाई की गई। वहीं पानीपत में 92, भिवानी में 76, फरीदाबाद में 70 और जींद में 67 स्कूल ब्लैकलिस्ट किए गए हैं।

इसके अलावा रोहतक, करनाल, यमुनानगर, सोनीपत, महेंद्रगढ़, पलवल, झज्जर, चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र, अंबाला, रेवाड़ी, सिरसा, नूंह, पंचकूला और फतेहाबाद सहित सभी जिलों में नियमों का पालन नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सबसे कम फतेहाबाद जिले में 10 निजी स्कूल ब्लैकलिस्ट किए गए हैं।

मर्सी चांस मिलने के बाद भी पूरे नहीं हुए मानक

शिक्षा विभाग ने बताया कि इससे पहले 413 निजी स्कूलों को एक और अवसर दिया गया था। इन स्कूलों ने दावा किया था कि वे सभी आवश्यक मानकों को पूरा कर चुके हैं। हालांकि जब विभाग ने मान्यता से संबंधित दस्तावेजों और अन्य आवश्यक प्रमाणों की जांच की तो कई स्कूल संतोषजनक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सके।

जांच में सामने आया कि कुछ संस्थान पिछले कई वर्षों से निर्धारित नियमों का पालन किए बिना ही संचालित हो रहे थे। ऐसे मामलों में विभाग ने किसी प्रकार की अतिरिक्त राहत देने के बजाय नियमानुसार कार्रवाई करने का फैसला लिया।

अगले चरण में स्कूल बंद करने की तैयारी

मौलिक शिक्षा निदेशक मनिता मलिक ने बताया कि ब्लैकलिस्ट किए गए सभी स्कूलों के खिलाफ आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल इन स्कूलों में नए दाखिले पर रोक लगा दी गई है और अब अगले चरण में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ऐसे स्कूलों को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे किसी भी निजी स्कूल में बच्चों का दाखिला कराने से पहले उसकी मान्यता और वैधता की जानकारी अवश्य जांच लें। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और छात्रों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

Leave a comment