HDFC Bank: अनूप बागची होंगे नए MD और CEO, 27 अक्टूबर से संभालेंगे पद

HDFC Bank ने अनूप बागची को नया MD और CEO नियुक्त किया है। RBI की मंजूरी के बाद वह 27 अक्टूबर 2026 से तीन साल का कार्यकाल संभालेंगे और शशिधर जगदीशन की ज

अनूप बागची एचडीएफसी बैंक के अगले सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर होंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने गुरुवार को देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक के नेतृत्व के लिए उनके नाम को मंजूरी दे दी है।

HDFC Bank New CEO: एचडीएफसी बैंक के नेतृत्व में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अनूप बागची को एचडीएफसी बैंक का नया मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किए जाने को मंजूरी दे दी है। बागची का कार्यकाल तीन साल का होगा और वह 27 अक्टूबर 2026 से बैंक की कमान संभालेंगे। वह मौजूदा MD और CEO शशिधर जगदीशन का स्थान लेंगे।

एचडीएफसी बैंक ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि RBI की मंजूरी के बाद बागची की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। बैंक ने उन्हें 2 अक्टूबर से अतिरिक्त निदेशक नियुक्त करने का फैसला भी किया है। हालांकि, MD और CEO के रूप में उनकी नियुक्ति के लिए बैंक के शेयरधारकों की मंजूरी भी आवश्यक होगी।

27 अक्टूबर से संभालेंगे HDFC Bank की जिम्मेदारी

अनूप बागची 27 अक्टूबर को एचडीएफसी बैंक के MD और CEO का पद संभालेंगे। मौजूदा प्रमुख शशिधर जगदीशन का कार्यकाल 26 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो रहा है। जगदीशन ने अगस्त में बोर्ड को सूचित किया था कि वह अगले कार्यकाल के लिए पुनर्नियुक्ति नहीं चाहते हैं। इसके बाद बैंक ने नए CEO की तलाश शुरू की थी।

बागची की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब एचडीएफसी बैंक में शीर्ष नेतृत्व का बदलाव लंबे समय से चर्चा में था। RBI की मंजूरी मिलने के साथ अब बैंक को नए नेतृत्व की दिशा में स्पष्टता मिल गई है।

कौन हैं अनूप बागची?

अनूप बागची को बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। वह वर्ष 1992 से ICICI Group से जुड़े रहे हैं और अपने करियर के दौरान रिटेल बैंकिंग, होलसेल बैंकिंग, ट्रेजरी, कैपिटल मार्केट्स, वेल्थ मैनेजमेंट और इंश्योरेंस जैसे क्षेत्रों में जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। बागची फिलहाल ICICI Prudential Life Insurance के MD और CEO हैं। 

उन्होंने जून 2023 में इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह करीब छह साल तक ICICI Bank के Executive Director रहे। ICICI Bank में उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने रिटेल, बिजनेस और ग्रामीण बैंकिंग के साथ-साथ बाद में होलसेल बैंकिंग से जुड़े कारोबार की जिम्मेदारी भी संभाली थी।उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी वित्तीय क्षेत्र से जुड़ी है। उन्होंने IIT कानपुर से इंजीनियरिंग और IIM बेंगलुरु से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है।

HDFC Bank के सामने नई चुनौतियां

नए MD और CEO के सामने बैंक के कारोबार को आगे बढ़ाने के साथ कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्यान देने की जरूरत होगी। इनमें मुख्य आय में वृद्धि, नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) पर दबाव और बैंकिंग उत्पादों की बिक्री से जुड़े अनुपालन संबंधी मुद्दे शामिल हैं। बैंकिंग क्षेत्र में ब्याज दरों, जमा की लागत, क्रेडिट ग्रोथ और प्रतिस्पर्धा जैसे कारक भी बैंकों के प्रदर्शन को प्रभावित करते हैं। ऐसे में नए नेतृत्व के लिए कारोबार की वृद्धि और जोखिम प्रबंधन के बीच संतुलन महत्वपूर्ण रहेगा।

नेतृत्व में बदलाव का घटनाक्रम

एचडीएफसी बैंक में नेतृत्व से जुड़े बदलाव की प्रक्रिया 2026 में पहले ही चर्चा में रही है। मार्च में बैंक के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने इस्तीफा दिया था। इसके बाद बैंक में कुछ मामलों की आंतरिक समीक्षा भी हुई थी। जगदीशन के दूसरे कार्यकाल के लिए उपलब्ध नहीं होने की जानकारी के बाद बैंक ने CEO पद के लिए संभावित नाम RBI को भेजे थे। अब RBI की मंजूरी के बाद अनूप बागची के नाम पर फैसला हो गया है।

Leave a comment